हिंदी
बिहार में नई सरकार की शपथ आज (Img- Internet)
Patna: बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। विधानसभा चुनावों के बाद राज्य में सत्ता परिवर्तन की औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। एनडीए की ओर से सरकार गठन की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और संभावित मंत्रियों की सूची भी सामने आने लगी है।
सूत्रों के अनुसार, बिहार में नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी राज्य के नए मुख्यमंत्री बनेंगे। वह बुधवार (15 अप्रैल) को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इससे पहले मंगलवार (14 अप्रैल) को उन्हें बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया। इसके बाद एनडीए की ओर से सरकार बनाने की प्रक्रिया औपचारिक रूप से आगे बढ़ी।
जानकारी के अनुसार, नई सरकार में गृह विभाग और विधानसभा स्पीकर का पद बीजेपी के पास ही रहने की संभावना है। यह फैसला गठबंधन में संतुलन बनाए रखने और प्रशासनिक नियंत्रण को मजबूत करने के उद्देश्य से लिया गया है।
नई सरकार में जनता दल यूनाइटेड के कई नेताओं को भी मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। इनमें सुनील कुमार, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, मदन सहनी, जमा खान और लेसी सिंह जैसे नाम शामिल हैं। इसके अलावा जेडीयू के वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र यादव को डिप्टी सीएम बनाए जाने की संभावना भी जताई जा रही है।
बिहार की राजनीति से निवर्तमान सीएम नीतीश कुमार की विदाई
बीजेपी की ओर से भी मंत्रियों की एक लंबी सूची सामने आई है। इसमें विजय कुमार सिन्हा, दिलीप जायसवाल, मंगल पांडेय, रामकृपाल यादव, श्रेयसी सिंह, लखेंद्र पासवान, रमा निषाद और अन्य कई नेताओं के नाम शामिल हैं। साथ ही कुछ वरिष्ठ नेताओं को संगठनात्मक जिम्मेदारियां भी दी जा सकती हैं।
एनडीए के सहयोगी दलों जैसे HAM, LJPR और RLM को भी सरकार में जगह मिलने की संभावना है। जीतन राम मांझी, संतोष सुमन, चिराग पासवान, संजय पासवान, उपेंद्र कुशवाहा और दीपक प्रकाश जैसे नेताओं के नाम संभावित मंत्रियों की सूची में शामिल बताए जा रहे हैं।
एनडीए विधानमंडल दल का नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी ने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। उनके साथ केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, जेडीयू नेता ललन सिंह, विजय कुमार चौधरी, उपेंद्र कुशवाहा और जीतन राम मांझी भी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने राज्यपाल को समर्थन पत्र सौंपा।
सम्राट चौधरी बिहार के नए “सम्राट”
राजधानी पटना में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था और आयोजन को लेकर व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि नई सरकार के गठन के साथ बिहार की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू होगा।
Location : patna
Published : 15 April 2026, 10:04 AM IST