हिंदी
ट्रेलर की लापरवाही से दो स्कूली बच्चियां घायल
West Singhbhum : जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के आयता गांव चौक पर शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रेलर की लापरवाही ने दो मासूम छात्राओं को अस्पताल पहुंचा दिया। स्कूल जाने के लिए सड़क किनारे बैठी बच्चियां अचानक हुए हादसे की चपेट में आ गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और गुस्साए ग्रामीणों ने चाईबासा-टाटा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार सात वर्षीय अनुष्का कुमारी पान और आठ वर्षीय लवली तांती संत जेवियर स्कूल, चाईबासा जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थीं। दोनों छात्राएं सड़क किनारे स्थित एक होटल के बाहर रखी बेंच पर बैठी थीं। इसी दौरान सड़क पर मुड़ रही एक कार को सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और बेंच की ओर बढ़ गया, जहां दोनों बच्चियां बैठी थीं। देखते ही देखते दोनों छात्राएं उसकी चपेट में आ गईं और घायल हो गईं।
Jharkhand Bikes Theft: चाईबासा और जमशेदपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, दो गिरफ्तार, 20 बाइक बरामद
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बिना देर किए दोनों छात्राओं को इलाज के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा पहुंचाया। डॉक्टरों की जांच में अनुष्का कुमारी पान के सिर और छाती में गंभीर चोट की पुष्टि हुई। उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं दूसरी छात्रा लवली तांती को मामूली चोटें आई हैं और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने ट्रेलर चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए चाईबासा-टाटा मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते सड़क जाम हो गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद करीब तीन घंटे बाद जाम समाप्त कराया जा सका और यातायात फिर से सामान्य हुआ।
Location : West Singhbhum
Published : 13 June 2026, 12:26 AM IST