
ब्राउन शुगर के साथ चार तस्कर गिरफ्तार
Chatra: झारखंड के चतरा जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चतरा पुलिस ने विशेष छापेमारी अभियान चलाकर करीब ढाई लाख रुपये मूल्य की 12.12 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से ब्राउन शुगर की 32 पुड़िया और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में देवरिया निवासी अजित पाण्डेय, लोकेश कुमार, बिंड मोहल्ला निवासी मो. इरफान और चुड़िहार मोहल्ला निवासी मो. एजाज शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि सदर थाना क्षेत्र के बाबा घाट मैदान के समीप कुछ लोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री और सेवन कर रहे हैं। सूचना के आधार पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर एक अर्धनिर्मित भवन में छापा मारा और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान अजित पाण्डेय के पास से 7.90 ग्राम, लोकेश कुमार के पास से 1.64 ग्राम, मो. इरफान के पास से 1.44 ग्राम और मो. एजाज के पास से 1.14 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। कुल मिलाकर 12.12 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये आंकी गई है।
Jharkhand News: वनांचल एक्सप्रेस बनी तस्करी का अड्डा? 59 लाख के मोबाइल बरामद, दो पकड़े गए
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से तीन का आपराधिक इतिहास रहा है। अजित पाण्डेय के खिलाफ पहले से सात मामले दर्ज हैं, जबकि लोकेश कुमार और मो. इरफान के खिलाफ एक-एक मामला दर्ज बताया गया है।
एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए पुलिस ने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ब्राउन शुगर और अन्य मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे उसका कितना भी प्रभाव क्यों न हो।
छापेमारी दल में सदर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक अवधेश सिंह, एसआई शम्मी अंसारी, एसआई सफीक अंसारी, एएसआई जयप्रकाश कुमार सिंह तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
Location : Chatra
Published : 13 June 2026, 7:01 PM IST