हिंदी
मास्टरमाइंड समेत 5 गिरफ्तार
Chakradharpur : क्रधरपुर थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज संजय बोयपोई हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस वारदात में जमीन विवाद और पुरानी रंजिश को लेकर रची गई साजिश का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने इस मामले में मास्टरमाइंड समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार, गुईगांव निवासी संजय बोयपोई की 1 जून की रात उनके घर के आंगन में सोते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी और परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया था।
पुलिस जांच में तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर यह सामने आया कि यह हत्या कोई सामान्य वारदात नहीं थी, बल्कि पहले से रची गई सुनियोजित साजिश थी। पुलिस ने जांच के दौरान सुरेश सोय, कप्तान होनहांगा उर्फ टाटा, गुने हिन्दु अंगरिया उर्फ मोटा, बुधू बोदरा और बिजू चौधरी को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि संजय बोयपोई और बिजू चौधरी के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश के चलते बिजू चौधरी ने कथित तौर पर अन्य आरोपियों को सुपारी देकर हत्या की साजिश रची थी।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, दो मोटरसाइकिल (पल्सर और स्प्लेंडर) और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन सबूतों ने मामले की परतें खोलने में अहम भूमिका निभाई है।
इस पूरे मामले का खुलासा सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी ने प्रेस वार्ता कर किया। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित एसआईटी ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस का कहना है कि आगे की जांच जारी है और मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अवधेश कुमार सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संगठित अपराध और हत्या जैसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
Location : Chakradharpur
Published : 6 June 2026, 5:54 AM IST