हिंदी
भारतीय लड़की का वीडियो वायरल (img source: google)
New Delhi: भारत में महिलाओं की सुरक्षा आज भी एक गंभीर मुद्दा बनी हुई है। बड़े शहर हों या छोटे कस्बे, दिन के मुकाबले रात के समय महिलाओं का अकेले बाहर निकलना अब भी डर और असुरक्षा से जुड़ा माना जाता है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक भारतीय लड़की का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने महिलाओं की सेफ्टी को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
यह वीडियो Singapore में रहने वाली कृतिका जैन का है, जो रात करीब 3 बजे अकेले सड़क पर चलते हुए अपने घर जा रही हैं। वीडियो में न तो उनके चेहरे पर डर है, न घबराहट और न ही किसी तरह की जल्दबाजी। कृतिका बेहद सामान्य अंदाज में कैमरे पर बोलती नजर आती हैं और बताती हैं कि इस वक्त भी वह खुद को पूरी तरह सुरक्षित महसूस कर रही हैं।
कृतिका जैन ने यह वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा कि यह पल उनके दिल में बस गया है। उन्होंने लिखा, “सिंगापुर में रात के 3 बज रहे हैं और मैं घर जा रही हूं। मुझे जरा भी डर नहीं लग रहा, न ही मैंने एक बार भी पीछे मुड़कर देखा। भारत में मैं इस समय अकेले बाहर निकलने के बारे में सोच भी नहीं सकती। यहां यह कोई विलासिता नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है।”
उनके शब्दों ने हजारों लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया। कृतिका ने साफ कहा कि उन्हें इस शहर से प्यार इसकी ऊंची इमारतों या टूरिस्ट स्पॉट्स की वजह से नहीं, बल्कि उस सुरक्षा की भावना के कारण है, जो यहां महिलाओं को मिलती है।
वीडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर यूजर्स की बाढ़ आ गई। लाखों बार देखे जा चुके इस वीडियो पर लोग अपने अनुभव साझा कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “मैं भी सिंगापुर में रह चुकी हूं और यह बात बिल्कुल सच है।” वहीं एक अन्य यूजर ने कहा, “भारत में एक महिला होने के नाते यह वीडियो मुझे एक साथ खुश और दुखी दोनों कर गया।”
Viral News: Payal Gaming के Viral Video का सच क्या है ? गुस्साए फैन्स ने बता दी असलयित
कई यूजर्स ने यह भी सवाल उठाया कि जब कुछ देश महिलाओं को इतनी सुरक्षा दे सकते हैं, तो भारत जैसे बड़े लोकतंत्र में यह अब भी सपना क्यों है। कुछ लोगों ने यह तर्क दिया कि कानून, सख्त नियम, बेहतर पुलिसिंग और सामाजिक सोच की वजह से सिंगापुर जैसे देशों में अपराध कम हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि सिंगापुर में महिलाओं की सुरक्षा के पीछे कई कारण हैं। यहां कानून बेहद सख्त हैं, अपराध पर जीरो टॉलरेंस की नीति है और पुलिस की मौजूदगी हर स्तर पर नजर आती है। वहीं भारत में कानून होने के बावजूद उनके पालन और सामाजिक सोच में अब भी सुधार की जरूरत है।
यह वीडियो केवल एक लड़की का अनुभव नहीं है, बल्कि यह उस अंतर को दिखाता है, जिसे भारतीय महिलाएं रोज महसूस करती हैं। रात में बेखौफ चलना किसी भी महिला के लिए सामान्य होना चाहिए, न कि असाधारण।
Viral News: पेट्रोल पंप की रोशनी में पढ़ता बच्चा, रांची की आदिवासी मां की जिद ने छू लिया दिल
कृतिका जैन का वीडियो इसलिए खास है क्योंकि यह किसी शहर की खूबसूरती नहीं, बल्कि महिलाओं के सबसे बुनियादी अधिकार यानी सुरक्षा की बात करता है। सोशल मीडिया पर उठी यह बहस एक बार फिर सवाल खड़ा करती है कि क्या भारत में महिलाएं कभी रात 3 बजे बिना डर के सड़क पर चल पाएंगी।
Location : New Delhi
Published : 4 January 2026, 3:25 PM IST