सांसद जी, क्या आप बसपा में शामिल हो गए हैं? रवि किशन के सवाल पर भाजपा पार्षद ने दिया ऐसा जवाब, Video Viral

गोरखपुर में भारी बारिश के बाद जलभराव ने शहर की मुश्किलें बढ़ा दीं। इसी बीच भाजपा सांसद रवि किशन और भाजपा पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी के बीच फोन पर हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 27 September 2026, 12:00 PM IST

Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में शनिवार को हुई भारी बारिश ने शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा कर दी। इसी बीच जल निकासी को लेकर भाजपा सांसद रवि किशन और भाजपा पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी के बीच फोन पर तीखी बातचीत का मामला सामने आया है। दोनों की बातचीत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जल निकासी को लेकर हो रही थी चर्चा

बताया जा रहा है कि भाजपा पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने रामगढ़झील, पाम पैराडाइज और तरकुलानी क्षेत्र में जल निकासी की समस्या को लेकर एक रेस्टोरेंट में बैठक की। इसी दौरान सांसद रवि किशन से फोन पर बातचीत हुई। शुरुआत शहर में पानी की स्थिति और जल निकासी को लेकर चर्चा से हुई, लेकिन कुछ ही देर में बातचीत राजनीतिक तंज तक पहुंच गई।

“क्या आप सपा में शामिल हो गए हैं?”

वायरल वीडियो में रवि किशन पार्षद से कथित तौर पर पूछते सुनाई देते हैं कि क्या वह समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं। इस सवाल पर विश्वजीत त्रिपाठी नाराज नजर आते हैं और जवाब में सांसद से कहते हैं, “सांसद जी, क्या आप बसपा में शामिल हो गए हैं?”

ये भी पढ़ें- यूुपी विधानसभा चुनाव सत्ता संघर्ष..आईये जानें कौन दिखा रहा है दम और कौन कितने पानी में?

इसके बाद दोनों के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक होती सुनाई देती है। बातचीत में जलभराव और शहर की स्थिति को लेकर दोनों अपनी-अपनी बात रखते हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस बातचीत को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

रवि किशन ने कहा- यह राजनीति का समय नहीं

वहीं, भारी बारिश के बाद रवि किशन ने गोरखपुर के जलभराव वाले इलाकों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर नगर निगम और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उनके मुताबिक मुख्यमंत्री लगातार फोन के जरिए स्थिति की जानकारी ले रहे हैं। रवि किशन ने यह भी कहा कि इस समय राजनीति करने के बजाय शहर को संभालना प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से बारिश के दौरान सावधानी बरतने और जरूरत न होने पर घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की।

ये भी पढ़ें- अमरोहा सीट पर नया ट्विस्ट! क्या शमी का विकेट लेंगी हसीन जहां? टिकट के लिए कौन दल होगा मेहरबान

“15 से 19 साल में इतनी बारिश नहीं देखी”

रवि किशन ने बारिश की स्थिति को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि पिछले 15 से 19 वर्षों में उन्होंने इतनी भारी बारिश नहीं देखी। उन्होंने बताया कि कई इलाकों में पानी कम होना शुरू हो गया है और प्रशासन स्थिति संभालने में जुटा है। उन्होंने लोगों से सुरक्षित रहने की अपील करते हुए आकाशीय बिजली को लेकर भी सावधान किया। रवि किशन ने कैंपियरगंज में पेड़ गिरने से तीन लोगों की मौत का जिक्र करते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई।

Location :  Gorakhpur

Published :  27 September 2026, 11:30 AM IST