मालिक की छोटी भूल पड़ी भारी, तीन साल में अपार्टमेंट बन गया कबूतरों का अड्डा, Viral Video देख हो जाएंगे हैरान

रूस में एक व्यक्ति तीन साल बाद अपने घर लौटा तो अंदर का नजारा चौंकाने वाला था। खुली खिड़की से घुसे कबूतरों ने पूरे अपार्टमेंट को अपना बसेरा बना लिया। अब घर की सफाई और मरम्मत में लाखों रुपये खर्च होने की आशंका है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 17 March 2026, 7:52 PM IST

New Delhi: रूस से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया है। एक व्यक्ति जब तीन साल बाद अपने अपार्टमेंट में लौटा, तो उसे ऐसा नजारा देखने को मिला जिसकी उसने कभी कल्पना भी नहीं की थी। उसका घर अब इंसानों का नहीं, बल्कि कबूतरों का स्थायी ठिकाना बन चुका था।

जल्दबाजी में हुई एक छोटी सी गलती

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह मामला रूस के एक खनन शहर का है। यहां रहने वाला एक मध्यम उम्र का व्यक्ति करीब तीन साल पहले काम के सिलसिले में दूसरे इलाके चला गया था। जाते समय वह इतनी जल्दबाजी में था कि उसने अपने अपार्टमेंट की एक खिड़की बंद करना भूल गया। यही छोटी सी लापरवाही आगे चलकर एक बड़ी समस्या में बदल गई।

खुली खिड़की बनी कबूतरों का प्रवेश द्वार

तीन साल तक खिड़की खुली रहने के कारण आसपास के कबूतरों को इस अपार्टमेंट में आसानी से प्रवेश मिल गया। शुरुआत में कुछ कबूतर अंदर आए, लेकिन धीरे-धीरे उनकी संख्या बढ़ती गई। समय के साथ उन्होंने वहां घोंसले बना लिए और पूरा घर उनके रहने का स्थान बन गया। घर के हर कोने में कबूतरों का कब्जा हो गया।

घर के अंदर दिखा 'कबूतरों का शहर'

जब मकान मालिक वापस लौटा और उसने अपने घर का दरवाजा खोला, तो अंदर का दृश्य देखकर वह दंग रह गया। घर में दर्जनों कबूतर मौजूद थे। फर्नीचर पर कतारों में बैठे कबूतर ऐसे नजर आ रहे थे जैसे वही असली मालिक हों। फर्श पर हर जगह पंख और बीट फैली हुई थी, जिससे पूरा घर बेहद गंदा हो चुका था।

मालिक ने इस स्थिति को मजाकिया अंदाज में लिया और कहा कि उसे ऐसा लग रहा है जैसे वह अपने ही घर में किराएदार बनकर आया हो। उसने यह भी कहा कि उसका अपार्टमेंट अब कबूतरों का “दुबई” बन चुका है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। हजारों लोग इसे देख चुके हैं और तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ यूजर्स ने मजाक में कहा कि कबूतरों ने घर को खाली नहीं रहने दिया, जबकि अन्य ने चुटकी लेते हुए लिखा कि शायद उन्होंने मालिक के लिए अंडे भी छोड़ दिए होंगे।

यह वीडियो एक एक्स अकाउंट से शेयर किया गया, जिसके बाद यह इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गया।

सफाई और मरम्मत में भारी खर्च

हालांकि यह घटना देखने में भले ही मजेदार लगे, लेकिन मकान मालिक के लिए यह गंभीर समस्या बन गई है। जानकारों का कहना है कि इतने लंबे समय तक पक्षियों के रहने से घर को काफी नुकसान पहुंचा होगा। पूरे अपार्टमेंट की सफाई, कीटाणुशोधन, मरम्मत और फर्नीचर बदलने में भारी खर्च आ सकता है।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 17 March 2026, 7:52 PM IST