
महिला सुरक्षा पर एक्सपेरिमेंट (Img- Pinterest)
Noida: देश के आधुनिक शहरों में गिनी जाने वाली हाईटेक सिटी नोएडा में महिलाएं कितनी सुरक्षित हैं, इस जमीनी सच्चाई को परखने के लिए एक कंटेंट क्रिएटर ने अनोखा कदम उठाया। सोशल मीडिया क्रिएटर धीरज शर्मा ने एक स्पेशल 'सोशल एक्सपेरिमेंट' किया। इसके लिए उन्होंने खुद महिला का रूप धारण किया और पूरी तरह साड़ी पहनकर आधी रात को नोएडा की सड़कों पर निकल पड़े।
धीरज का मकसद यह देखना था कि रात के समय अकेले सफर करने वाली महिलाओं को किन परिस्थितियों और किस तरह की मानसिकता का सामना करना पड़ता है। हालांकि, जो सच कैमरे में कैद हुआ, वह बेहद भयावह और रोंगटे खड़े कर देने वाला है।
धीरज शर्मा जैसे ही साड़ी पहनकर लड़की के अवतार में सड़क पर पैदल निकले, वैसे ही मनचलों और संदिग्ध वाहन चालकों ने उन्हें निशाना बनाना शुरू कर दिया। सबसे पहले एक कार चालक ने धीरज का पीछा किया और बार-बार गाड़ी रोककर उन्हें अंदर बैठने का ऑफर देने लगा।
धीरज ने जब रास्ता बदला और आगे बढ़ने की कोशिश की, तब भी वह कार सवार पीछा छोड़ने को तैयार नहीं हुआ। काफी मशक्कत के बाद जब उस कार से पीछा छूटा, तो एक कैब चालक उनके पीछे पड़ गया और लगातार परेशान करने लगा।
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान धीरज की सुरक्षा के लिए उनका एक दोस्त बाइक लेकर उनके पास पहुंच गया, लेकिन हैरान कर देने वाली बात यह रही कि इसके बावजूद कैब चालक के सिर से खौफ नहीं उतरा। वह दोस्त की मौजूदगी के बाद भी धीरज का पीछा करता रहा और अजीब हरकतें करता रहा।
सड़कों पर घूम रहे इन चालकों की निडरता और ढिठाई ने यह साबित कर दिया कि अपराधियों और मनचलों के मन में पुलिस या कानून का कोई भय नहीं रह गया है। आधी रात के इस डरावने मंजर ने शहर में गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी।
धीरज शर्मा का यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर तीखी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। यूज़र्स का कहना है कि यह प्रयोग हर उस इंसान की आंखें खोलने के लिए काफी है, जो महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों के लिए उनके कपड़ों को जिम्मेदार ठहराते हैं।
एक यूजर ने लिखा कि जब साड़ी पहने व्यक्ति के साथ ऐसा बर्ताव हो सकता है, तो साफ है कि दिक्कत कपड़ों में नहीं बल्कि समाज की नीयत में है। लोगों ने मांग की है कि ऐसे आवारा चालकों और मनचलों के खिलाफ कड़ी पुलिस कार्रवाई होनी चाहिए।
Location : Noida
Published : 2 October 2026, 3:44 PM IST
Topics : noida news Viral News Viral video Women Safety