हिंदी
चार्ली इवांस (img source: Insta/chaptercharlie)
New Delhi: दक्षिण दिल्ली में रहने वाले एक अमेरिकी नागरिक ने भारत की क्विक कॉमर्स सर्विस की रफ्तार देखकर सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ की है। इस वीडियो के वायरल होते ही एक बार फिर दिल्ली में ग्रॉसरी डिलीवरी की तेज़ स्पीड चर्चा का विषय बन गई है। अमेरिकी व्यक्ति चार्ली इवांस ने ग्रॉसरी डिलीवरी ऐप Blinkit का रियल टाइम टेस्ट किया, जिसमें उनका ऑर्डर महज़ 6 मिनट में डिलीवर हो गया।
चार्ली इवांस ने यह वीडियो अपने इंस्टाग्राम हैंडल @chaptercharlie से शेयर किया है। वीडियो की शुरुआत शाम 5:43 बजे होती है, जहां वह बताते हैं कि वह अपने अमेरिकी दोस्तों को यह दिखाना चाहते हैं कि भारत में क्विक कॉमर्स कितनी तेज़ हो सकती है। वीडियो में इवांस कहते हैं कि भारत में यह एक ऐसा ऐप है, जहां आखिरी समय में भी लगभग हर जरूरी चीज ऑर्डर की जा सकती है और वह भी बेहद कम समय में।
उन्होंने मजाकिया अंदाज़ में यह भी कहा कि उन्हें कभी-कभी डिलीवरी पार्टनर्स पर तरस आता है, क्योंकि उन्हें दिल्ली की संकरी गलियों और अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स में इतनी जल्दी रास्ता ढूंढना पड़ता है। इवांस ने कहा कि उन्हें लगता है, सबसे बड़ी चुनौती सिर्फ बिल्डिंग ढूंढने की होती है।
वीडियो के अगले ही हिस्से में डिलीवरी पार्टनर उनका ऑर्डर लेकर पहुंच जाता है। इवांस समय देखकर हैरान रह जाते हैं और बताते हैं कि जब उन्हें ऑर्डर मिला तब घड़ी में 5:49 बज रहे थे। यानी पानी और स्क्रूड्राइवर जैसी चीजें महज़ छह मिनट में उनके घर पहुंच गईं। वीडियो के टेक्स्ट में लिखा है, “Blinkit की डिलीवरी बेहतरीन है”, जबकि कैप्शन में उन्होंने लिखा, “Blinkit भगवान है।”
दुबई का Viral Video देख, कांप जाएगी रूह! एक मजदूर ने खोली सारी सच्चाई
वीडियो वायरल होने के बाद यूजर्स ने जमकर प्रतिक्रिया दी। एक यूजर ने लिखा कि छह मिनट में डिलीवरी तो विदेशों के फूड ऐप्स भी नहीं कर पाते। दूसरे यूजर ने कहा कि भारत, खासकर दिल्ली में क्विक डिलीवरी पूरी दुनिया से एक कदम आगे है। वहीं कुछ यूजर्स ने यह भी उम्मीद जताई कि इतनी तेज़ डिलीवरी के पीछे काम करने वाले राइडर्स को अच्छा वेतन और सम्मान मिलना चाहिए।
यह वीडियो सिर्फ एक ऐप की तारीफ नहीं है, बल्कि भारत में तेजी से बढ़ रहे क्विक कॉमर्स मॉडल की ताकत भी दिखाता है। किराना, रोज़मर्रा की जरूरतें और इमरजेंसी आइटम्स मिनटों में घर तक पहुंचना अब भारत के बड़े शहरों की पहचान बनता जा रहा है। यही वजह है कि यह वीडियो भारतीय टेक और स्टार्टअप इकोसिस्टम के लिए भी गर्व का विषय बन गया है।
Location : New Delhi
Published : 29 December 2025, 5:42 PM IST
Topics : Blinkit 6 Minutes Delivery Blinkit Delivery Delhi Quick Commerce Quick Commerce India Viral video