फौजी बनने की अंधी दौड़ में क्या कर बैठे ये दो दोस्त? ट्रैक पर गिरे, अस्पताल पहुंचते ही खुला हैरान करने वाला राज

सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे दो युवकों ने दौड़ में बेहतर प्रदर्शन के लिए घोड़ों को लगाया जाने वाला इंजेक्शन खुद को लगा लिया। इसके बाद दोनों की हालत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल पहुंचाना पड़ा।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 11 September 2026, 10:10 AM IST

Agra: उत्तर प्रदेश के आगरा में सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहे दो युवकों ने शारीरिक परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए ऐसा कदम उठा लिया, जिससे उनकी जान पर बन आई। बताया गया कि दोनों युवकों ने दौड़ के दौरान थकान कम महसूस करने के लिए घोड़ों को लगाया जाने वाला स्टेरॉयड इंजेक्शन खुद को लगा लिया। इसके कुछ देर बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा।

खेरागढ़ क्षेत्र का है पूरा मामला

मामला आगरा के खेरागढ़ क्षेत्र का बताया जा रहा है। दोनों युवक दोस्त हैं और आर्मी भर्ती की तैयारी कर रहे हैं। बताया गया कि दौड़ में ज्यादा देर तक प्रदर्शन करने और थकान से बचने के लिए उन्होंने घोड़ों के लिए इस्तेमाल होने वाला इंजेक्शन लगवाया था। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे जब उनकी हालत बिगड़ी तो साथ मौजूद युवक उन्हें सीएचसी खेरागढ़ लेकर पहुंचे।

संभल में दिल दहला देने वाला हादसा, मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर बालू से लदे डंपर ने ऑटो को रौंदा, चार की दर्दनाक मौत

तीन एमएल इंजेक्शन लगाने की बात कही

अस्पताल पहुंचने पर युवकों के पास इंजेक्शन की खाली शीशी भी मिली। उन्होंने चिकित्सकों को बताया कि उन्होंने करीब तीन एमएल इंजेक्शन लिया था। इसके बाद उनकी तबीयत खराब होने लगी। डॉक्टरों ने तत्काल दोनों का उपचार शुरू किया।

दो घंटे के इलाज के बाद हालत में सुधार

सीएचसी खेरागढ़ में दोनों युवकों का करीब दो घंटे तक इलाज चला। उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार आया, जिसके बाद उनके साथी उन्हें घर लेकर चले गए। समय पर अस्पताल पहुंचने के कारण दोनों की स्थिति सामान्य हो सकी।

नगर निगम के घेराव को लेकर भिड़े सपा कार्यकर्ता और बीजेपी समर्थक, आगरा में गरमाई सियासत

डॉक्टर ने बताया जानलेवा हो सकता है इंजेक्शन

सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरके सिंह ने युवाओं को ऐसे इंजेक्शन से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि इस तरह के इंजेक्शन शरीर के लिए बेहद नुकसानदायक हो सकते हैं। अधिक मात्रा में इस्तेमाल करने पर व्यक्ति की जान तक जा सकती है।

भर्ती की तैयारी में सेहत से खिलवाड़ न करें

सेना में भर्ती के लिए युवा लंबे समय तक दौड़ और दूसरी शारीरिक गतिविधियों की तैयारी करते हैं। लेकिन बेहतर प्रदर्शन के लिए बिना चिकित्सकीय सलाह किसी दवा या इंजेक्शन का इस्तेमाल करना गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। आगरा की यह घटना ऐसे युवाओं के लिए चेतावनी है, जो जल्दी परिणाम पाने के लिए गलत तरीके अपनाने की कोशिश करते हैं।

Location :  Agra

Published :  11 September 2026, 10:10 AM IST