हिंदी
Sonbhadra: सोनभद्र में समाजवादी पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती को सेवाभाव और सामाजिक समर्पण के रूप में मनाया। सपा जिला सचिव प्रमोद यादव की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने गरीबों और श्रमिकों को हलवा-छोला खिलाकर 'धरती पुत्र' को नमन किया। कार्यक्रम रॉबर्ट्सगंज नगर पालिका क्षेत्र के राम जानकी मंदिर के पास आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही।
सपा कार्यकर्ताओं ने मुलायम सिंह यादव को गरीब, किसानों और मजलूमों का सच्चा मसीहा बताया। उनका कहना था कि नेताजी हमेशा समाज के अंतिम व्यक्ति की समस्याओं को सुनने और उनकी मदद करने का संदेश देते थे। इसी प्रेरणा को आगे बढ़ाते हुए कार्यकर्ताओं ने श्रमिकों के बीच पहुंचकर उनका मुंह मीठा कराया और उन्हें भोजन वितरित किया। जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि हर श्रमिक में उन्हें मुलायम सिंह यादव की सरलता और संघर्ष का प्रतिबिंब दिखाई देता है। उन्होंने बताया कि नेताजी की जयंती केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाजवादी विचारधारा की जीवंत मिसाल है। कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं सहित सैकड़ों लोगों ने मुलायम सिंह यादव को शत-शत नमन किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
Location : Sonbhadra
Published : 22 November 2025, 3:02 PM IST