Video: कीचड़ में फंसी गाड़ी या विकास? मिर्जापुर भाजपा विधायक की फजीहत Viral

मिर्जापुर के छानबे क्षेत्र के अकोढ़ी रेलवे अंडरपास में भाजपा विधायक रत्नाकर मिश्र का वाहन कीचड़ और मलबे में फंस गया। ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर बुलाकर वाहन को बाहर निकाला गया।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 17 September 2026, 11:23 AM IST

Mirzapur: मिर्जापुर के छानबे क्षेत्र में बुधवार को उस समय स्थिति असहज हो गई, जब नगर विधायक भाजपा रत्नाकर मिश्र का वाहन अकोढ़ी रेलवे अंडरपास में कीचड़ और मलबे में फंस गया। वाहन को बाहर निकालने के लिए मौके पर ट्रैक्टर बुलाना पड़ा। ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद विधायक के वाहन को दलदल से बाहर निकाला गया।

ट्रैक्टर से खींचकर निकाली गई कार

जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर की मदद से वाहन को खींचकर बाहर निकाला गया। इसके बाद जांच में कार का पिछला टायर फटा हुआ मिला।

बताया गया कि पत्थर लगने के कारण टायर क्षतिग्रस्त हुआ था। स्टेपनी लगाकर वाहन को ठीक किया गया, जिसके बाद विधायक आगे रवाना हुए।

बाढ़ के कारण एक महीने तक बंद रहा रास्ता

ग्रामीणों के मुताबिक, गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण कर्णावती नदी में बाढ़ आ गई थी, जिससे अकोढ़ी रेलवे अंडरपास करीब एक महीने तक पानी, कीचड़ और मलबे में डूबा रहा।

इस वजह से अकोढ़ी समेत आसपास के करीब 15 गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया था।

जेसीबी से हटाया गया था मलबा, लेकिन बनी रही दलदल की स्थिति

ग्रामीणों ने जेसीबी की मदद से अंडरपास से पानी, कीचड़ और मलबा हटाकर किसी तरह आवागमन शुरू कराया था। हालांकि, पूरी तरह सफाई नहीं होने के कारण वहां दलदल जैसी स्थिति बनी हुई थी।

बुधवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान नगर विधायक रत्नाकर मिश्र इसी रास्ते से गुजर रहे थे, तभी उनका वाहन कीचड़ में फंस गया।

विधायक बोले- पत्थर से फटा टायर

वाहन फंसने के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। विधायक रत्नाकर मिश्र ने बताया कि पत्थर लगने के कारण कार का टायर फट गया था।

उन्होंने कहा कि वाहन को ट्रैक्टर की मदद से बाहर निकलवाना पड़ा। ग्रामीणों की सहायता से गाड़ी को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

Location :  Mirzapur

Published :  17 September 2026, 11:23 AM IST