Video: प्रेम संबंध के चलते युवक की हत्या! बेरहमों ने चाकू से गोद डाला

गोरखपुर के एक गांव में कथित प्रेम संबंध को लेकर चल रहा विवाद अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया। चाकू से हुए हमले में घायल युवक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया है और पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 16 June 2026, 3:09 PM IST

Gorakhpur: गोरखपुर के गीडा थाना क्षेत्र के बनगावा गांव में कथित प्रेम संबंध और पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक की चाकू मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान विजय पाल पुत्र कृष्ण कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुराने विवाद ने लिया खूनी रूप

जानकारी के अनुसार, विजय पाल का गांव के ही एक युवक की मौसी से कथित संबंध था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि आरोपी विनय कुमार इस संबंध से नाराज रहता था और कई बार दोनों के बीच कहासुनी भी हो चुकी थी।

रविवार रात विवाद अचानक हिंसक हो गया। आरोप है कि विनय कुमार ने अपने साथियों के साथ मिलकर विजय पाल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल विजय को पहले जिला अस्पताल और बाद में बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

युवक की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया। पुलिस और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी सहित कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  16 June 2026, 3:09 PM IST