उत्तराखंड में ठंड का डबल अटैक: कोहरे ने बढ़ाई मुश्किलें, पहाड़ों में बर्फबारी के आसार; जानें ताजा हाल

उत्तराखंड में ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। देहरादून समेत कई जिलों में घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में शीत दिवस के आसार हैं, जबकि पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी की संभावना है।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 19 December 2025, 7:42 AM IST

Uttarakhand: उत्तराखंड में आधा दिसंबर बीतने के बाद अब ठंड का असर तेजी से बढ़ने लगा है। प्रदेश के मैदानी इलाकों में सुबह और रात के समय घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने शुक्रवार को राज्य के कई जिलों में घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही कुछ जिलों में शीत दिवस (कोल्ड डे) की स्थिति बने रहने के आसार जताए गए हैं।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, चंपावत और पौड़ी जिले में शुक्रवार को घना कोहरा छाया रह सकता है। खासतौर पर सुबह और देर रात के समय दृश्यता काफी कम रहने की संभावना है। इससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग ने वाहन चालकों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में सर्द सुबह का आगाज, पर्वतीय इलाकों में बर्फीली हवाओं से बढ़ी ठंड, जानें अपने जिले का हाल

वहीं, ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार जिले के कुछ क्षेत्रों में शीत दिवस की स्थिति रहने की संभावना जताई गई है। शीत दिवस के दौरान दिन का तापमान सामान्य से काफी नीचे चला जाता है, जिससे ठंड का अहसास और बढ़ जाता है। ऐसे में बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।

पर्वतीय क्षेत्रों में भी मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार 20 और 21 दिसंबर को राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इससे पहाड़ों में ठंड और बढ़ेगी, वहीं पर्यटक स्थलों पर बर्फबारी की उम्मीद से सैलानियों की संख्या में भी इजाफा हो सकता है। हालांकि इसके बाद 22 से 24 दिसंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

घने कोहरे का कहर (फोटो सोर्स- इंटरनेट)

अगर तापमान की बात करें तो बृहस्पतिवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से करीब दो डिग्री अधिक 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा। इसी तरह प्रदेश के अन्य मैदानी और पर्वतीय इलाकों में भी दिन और रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन ठंडी हवाओं और कोहरे के कारण ठंड का असर बना रहा।

घने कोहरे का असर रेल यातायात पर भी साफ देखने को मिल रहा है। उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में कोहरे के कारण कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी देरी से चल रही हैं। बृहस्पतिवार को लिंक एक्सप्रेस, राप्ती गंगा एक्सप्रेस और कुंभ एक्सप्रेस देहरादून निर्धारित समय से कई घंटे की देरी से पहुंचीं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

लिंक एक्सप्रेस (14113) अपने तय समय 12:20 बजे की बजाय करीब पांच घंटे देरी से दून पहुंची। वहीं राप्ती गंगा एक्सप्रेस (15005) सात घंटे और कुंभ एक्सप्रेस (12369) लगभग तीन घंटे विलंब से पहुंची। इसके अलावा गोरखपुर-देहरादून एक्सप्रेस (15001) भी अपने निर्धारित समय 15:15 बजे से करीब सात घंटे देरी से रवाना हुई।

Uttarakhand Weather: सर्दी में इज़ाफा, अब कब होगी बारिश? जानिए मौसम का ताजा अपडेट

ट्रेनों के देर से आने-जाने के कारण दून रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। इंक्वायरी केंद्र पर यात्रियों की भीड़ लगी रही और लोग बार-बार ट्रेनों की स्थिति के बारे में जानकारी लेते नजर आए। पिछले चार दिनों से मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे के चलते रेल और सड़क यातायात प्रभावित हो रहा है।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी ठंड और कोहरे को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है। खासकर सुबह-शाम यात्रा करने वालों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Location : 
  • Uttarakhand

Published : 
  • 19 December 2025, 7:42 AM IST