
उत्तराखंड में मौसम का बदला मिजाज (सोर्स- इंटरनेट)
Dehradun: उत्तराखंड में बीते कुछ दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है। दिन के समय चटक धूप निकलने से ठंड का असर कुछ कम महसूस हो रहा है, लेकिन सुबह और शाम के वक्त प्रदेश के अधिकांश इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इसके चलते अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। पहाड़ी जिलों में पाले ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है, जबकि मैदानी इलाकों में सुबह और शाम हल्की धुंध (फॉग) दिखाई देने लगी है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, पूरे उत्तर भारत में इस समय कड़ाके की सर्दी का असर बना हुआ है। इसी बीच मौसम विभाग ने उत्तराखंड में मौसम बदलाव की संभावना जताई है। वैज्ञानिकों के मुताबिक, 17 दिसंबर की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसका असर उत्तराखंड के मौसम पर भी देखने को मिलेगा।
UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में बढ़ी गलन भरी ठंड, कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी
मौसम विभाग का अनुमान है कि इस पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव 21 दिसंबर को स्पष्ट रूप से नजर आएगा। इस दिन राज्य के उच्च पर्वतीय इलाकों में मौसम करवट ले सकता है और हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है।
मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 3500 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई गई है। वहीं, निचले और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में बहुत हल्की बारिश हो सकती है, जिससे ठंड और बढ़ सकती है।
ठंड और बढ़ने के संकेत (सोर्स- इंटरनेट)
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद आमतौर पर न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाती है। ऐसे में 21 दिसंबर के बाद प्रदेश में एक बार फिर शीतलहर जैसे हालात बन सकते हैं। मौसम विभाग ने स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को सलाह दी है कि वे मौसम को देखते हुए यात्रा और दैनिक गतिविधियों में सावधानी बरतें।
मौसम विभाग के अनुसार, आज उत्तराखंड के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, हरिद्वार और उधम सिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में कोहरा छाए रहने के आसार हैं। राजधानी देहरादून में आसमान साफ से लेकर आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। आज देहरादून का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बीते दिन देहरादून का अधिकतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पंतनगर में अधिकतम तापमान 16.1 डिग्री और न्यूनतम 10.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर में अधिकतम 20.7 डिग्री और न्यूनतम 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नई टिहरी का अधिकतम तापमान 22.0 डिग्री और न्यूनतम 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
Location : Dehradun
Published : 17 December 2025, 8:01 AM IST