Gangotri Highway Accident: पहाड़ों के बीच अचानक बेकाबू हुई इनोवा, नदी किनारे मिले चार शव, बाकी यात्रियों की तलाश जारी

उत्तरकाशी के गंगनानी के पास गंगोत्री हाईवे पर इनोवा कार गहरी खाई में गिरकर नदी में समा गई। हादसे में चार लोगों की मौत हुई है, जबकि अन्य यात्रियों की तलाश में पुलिस और एसडीआरएफ का सर्च अभियान जारी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 5 November 2026, 9:17 AM IST

Uttarkashi: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर बृहस्पतिवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। गंगनानी के पास एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई और सीधे नदी में जा समाई। हादसे में अब तक चार लोगों की मौत होने की सूचना है।

राहत एवं बचाव दल ने नदी किनारे से चारों के शव बरामद कर लिए हैं। वहीं, वाहन में सवार अन्य लोगों के भी नदी में लापता होने की आशंका जताई जा रही है। यात्रियों के गुजरात का निवासी होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस को डेल्टा के जरिए मिली सूचना

जानकारी के मुताबिक, बृहस्पतिवार को पुलिस को डेल्टा के माध्यम से सूचना मिली कि गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के समीप एक इनोवा कार नदी में गिर गई है। बताया गया कि हादसा धारा कुंड से करीब 20 मीटर आगे डबरानी की ओर हुआ।

उत्तरकाशी: केदारताल ट्रेक पर हिमस्खलन से मची अफरा-तफरी, 8 लोग फंसे; रेस्क्यू शुरू

सूचना मिलते ही पुलिस, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं। मौके पर पहुंचकर टीमों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

नदी में समा गई इनोवा (Img- X)

नदी किनारे मिले चार लोगों के शव

रेस्क्यू अभियान के दौरान बचाव दलों ने नदी किनारे तलाशी ली। इस दौरान चार लोगों के शव बरामद हुए। टीमों ने शवों को नदी किनारे से बाहर निकालने की कार्रवाई की। हालांकि, हादसे के वक्त इनोवा में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। वाहन में अन्य लोगों के मौजूद होने की आशंका के चलते नदी में उनकी तलाश की जा रही है।

तेज बहाव और दुर्गम रास्ते से रेस्क्यू में चुनौती

हादसे का स्थान दुर्गम होने के साथ ही नदी का बहाव भी तेज है। ऐसे में राहत एवं बचाव अभियान चलाने में टीमों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें नदी के किनारों और आसपास के संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चला रही हैं। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त वाहन और उसमें सवार यात्रियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

उत्तरकाशी के बर्फीले पहाड़ों में जिंदगी की जंग, फंसे 96 ट्रेकर्स को बचाने के लिए दोबारा शुरू हुआ हेली रेस्क्यू

रेस्क्यू पूरा होने के बाद स्पष्ट होगी संख्या

आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दूल गुसाईं के मुताबिक, सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और आपातकालीन सेवा की टीमों को मौके पर भेजा गया था। अब तक चार शव बरामद किए जा चुके हैं और अन्य लोगों की तलाश जारी है। उन्होंने बताया कि रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद ही हादसे में मृतकों और लापता लोगों की वास्तविक संख्या स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पूरे क्षेत्र में बचाव अभियान जारी है।

Location :  Uttarkashi

Published :  5 November 2026, 9:17 AM IST