उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा 2026 आज से शुरू हो गई है। 2.15 लाख से अधिक छात्र हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा दे रहे हैं। नकल रोकने के लिए धारा 144 लागू, सचल दल तैनात और 39 संग्रह केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षाएं 20 मार्च तक चलेंगी।

कड़ी निगरानी में हाईस्कूल-इंटरमीडिएट की परीक्षाएं प्रारंभ
Dehradun: उत्तराखंड बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन की वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं आज से प्रारंभ हो गई हैं। प्रदेशभर में परीक्षार्थियों में उत्साह और हल्का तनाव दोनों देखने को मिला। शिक्षा विभाग और बोर्ड प्रशासन ने परीक्षा को नकल विहीन और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। सभी जिलों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को पूर्व में ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए थे।
बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष कुल 2,15,252 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनमें हाईस्कूल में 1,12,266 और इंटरमीडिएट में 1,02,986 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। परीक्षाएं प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित की जा रही हैं। परीक्षा केंद्रों पर समय से पहले ही छात्र पहुंचने लगे थे, जहां प्रवेश से पूर्व सघन जांच की व्यवस्था की गई।
लिखित परीक्षाओं से पूर्व 16 जनवरी से 15 फरवरी तक प्रयोगात्मक परीक्षाएं सफलतापूर्वक कराई जा चुकी हैं। बोर्ड प्रशासन का कहना है कि प्रैक्टिकल परीक्षाएं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुईं, जिससे अब मुख्य लिखित परीक्षाओं पर पूरा ध्यान केंद्रित किया जा सका है।
उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र में आक्रामक रहेगी कांग्रेस, गणेश गोदियाल ने दिये ये संकेत
उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित संकलन और भंडारण के लिए प्रदेशभर में 39 संग्रह केंद्र बनाए गए हैं। इनमें कुमाऊं मंडल में 13 और गढ़वाल मंडल में 26 केंद्र स्थापित किए गए हैं। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए बोर्ड स्तर पर तीन सचल दल गठित किए गए हैं, जो विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं।
2.15 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल
नकल और अवांछित गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू कर दी गई है। प्रशासन और शिक्षा विभाग संयुक्त रूप से निगरानी कर रहे हैं। परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्रित होने पर प्रतिबंध लगाया गया है, जिससे विद्यार्थियों को शांत और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
परीक्षा के पहले दिन इंटरमीडिएट में ड्राइंग एंड पेंटिंग विषय का पेपर आयोजित किया गया। छात्रों ने बताया कि उन्होंने पूरे वर्ष मेहनत से तैयारी की है। हालांकि प्रश्नपत्र के पैटर्न को लेकर कुछ छात्रों में स्वाभाविक चिंता भी दिखाई दी।
उत्तराखंड हाईकोर्ट बना देश का ऐसा पहला हाईकोर्ट, जिसने जजों की शिकायतों का पिटारा खोला
इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 21 फरवरी से 20 मार्च 2026 तक संचालित होंगी, जबकि हाईस्कूल की परीक्षाएं 23 फरवरी से 20 मार्च 2026 तक आयोजित की जाएंगी। बोर्ड और प्रशासन का लक्ष्य है कि परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और नकल मुक्त वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों का भविष्य सुरक्षित और परिणाम विश्वसनीय बने रहें।