हल्द्वानी में दो महिला ब्लॉगरों के बीच सोशल मीडिया पर चल रहा विवाद हिंसा में बदल गया। फूड स्टॉल पर मारपीट और तोड़फोड़ के आरोप में एक ब्लॉगर के खिलाफ काठगोदाम थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Jyoti Adhikari
Haldwani News: हल्द्वानी में इंटरनेट मीडिया पर चल रहा दो महिला ब्लॉगरों का विवाद अब सड़कों तक पहुंच गया है। कई दिनों से सोशल मीडिया पर डिजिटल रोस्टिंग और आरोप-प्रत्यारोप के बीच चल रहा यह विवाद उस समय हिंसक हो गया जब एक ब्लॉगर पर दूसरी के फूड स्टॉल पर पहुंचकर मारपीट और तोड़फोड़ करने का आरोप लगा। मामले में पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
काठगोदाम थाना क्षेत्र की रहने वाली 34 वर्षीय सुनीता भट्ट ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह सोशल मीडिया पर ब्लॉगिंग करती हैं और चौपाटी के पास वुडपेकर इलाके में उनका छोटा फूड स्टॉल भी है। सुनीता के अनुसार, शहर की ब्लॉगर ज्योति अधिकारी के साथ उनका इंटरनेट मीडिया पर कई दिनों से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते स्थिति धीरे-धीरे तनावपूर्ण होती चली गई।
Dehradun: विकासनगर में LPG को लेकर प्रशासन सख्त, कालाबाजारी रोकने के लिए कमेटी की गई गठित
सुनीता भट्ट का आरोप है कि 11 मार्च को ज्योति अधिकारी ने फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब के माध्यम से उन्हें धमकी दी कि वह शाम को उनके स्टॉल पर आएंगी। इसके बाद उन्हें अलग-अलग नंबरों से कई फोन कॉल भी आए, जिनमें उन्हें और उनकी सात साल की बेटी को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई।
शिकायत के मुताबिक उसी दिन शाम करीब 6:30 बजे ज्योति अधिकारी अपने पति गोपाल अधिकारी, कमल जोशी और कुछ अन्य लोगों के साथ अचानक उनके स्टॉल पर पहुंच गईं। सुनीता का कहना है कि वहां उनके साथ हाथापाई की गई और स्टॉल पर रखा सामान भी तोड़ दिया गया। इस दौरान मौजूद भीड़ के बीच उन्हें बदनाम करने की धमकी भी दी गई, जिससे उन्हें आर्थिक और सामाजिक दोनों तरह का नुकसान हुआ।
सुनीता भट्ट ने अपनी शिकायत में यह भी दावा किया है कि ज्योति अधिकारी के खिलाफ पहले भी अलग-अलग जिलों में कई मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। उन्होंने पुलिस से अपनी और अपनी बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
काठगोदाम थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि सुनीता भट्ट की तहरीर के आधार पर ज्योति अधिकारी के खिलाफ प्राथमिक रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।