
दिसंबर से पहले 2500 पदों पर आवेदन (Source: Dynamite News)
Haridwar, (UKSSSC Vacancy 2026): उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने करीब 4000 पदों पर भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की तैयारी की है। आयोग के अनुसार, इनमें करीब 2500 पदों पर आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी, जबकि पहले से आवेदन लिए जा चुके करीब 1500 पदों की लिखित परीक्षाएं दिसंबर तक कराने का लक्ष्य है।
इस तरह साल के अंत तक प्रदेश में करीब चार हजार सरकारी पदों की भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है।
UKSSSC Vacancy 2026 के तहत अधीनस्थ सेवा चयन आयोग दिसंबर से पहले करीब 2477 पदों पर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी में है। आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया के मुताबिक विभिन्न विभागों में इन पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इनमें स्केलर, कनिष्ठ सहायक, वैयक्तिक सहायक, स्नातक स्तरीय विज्ञान वर्ग के पद, पुलिस, आबकारी और परिवहन विभाग के वर्दीधारी पद शामिल हैं। इसके अलावा संस्कृत विभाग में सहायक अध्यापक और सहायक विकास अधिकारी समेत कई पदों पर भी भर्ती प्रस्तावित है।
जिन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है, उनकी लिखित परीक्षाएं भी दिसंबर तक कराने की तैयारी है। इन पदों की संख्या करीब 1500 बताई गई है।
क्या BJP के टिकट पर मैदान में उतरेंगे यूकेश सिंह? उमाशंकर सिंह के बेटे की एंट्री से सियासत गर्माई
इनमें वैयक्तिक सहायक, पशुधन प्रसार अधिकारी, विभिन्न सेवाओं के तकनीकी पद, सहायक लेखाकार और कृषि विभाग के इंटरमीडिएट स्तर के पद शामिल हैं। आयोग इन भर्तियों की परीक्षा प्रक्रिया को तय समय में पूरा करने की तैयारी कर रहा है।
उत्तराखंड में वर्ष 2024 से सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शी तरीके से कराने पर जोर दिया जा रहा है। सरकार का दावा है कि भर्ती प्रक्रिया में तेजी आई है और आवेदन से नियुक्ति तक लगने वाला औसत समय भी कम हुआ है।
उलट गई शादी की परंपरा! यहां दुल्हन नहीं, दूल्हा होता है विदा… जानिए इस अनोखी जनजाति का पूरा सच
पिछले साढ़े चार वर्षों में करीब 34 हजार सरकारी पदों पर भर्ती को सरकार बड़ी उपलब्धि के तौर पर देख रही है। विधानसभा चुनाव से पहले इसे सरकार की उपलब्धियों में शामिल किए जाने की भी संभावना है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि सरकार शुरुआत से ही बेरोजगारी की समस्या को दूर करने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों में खाली पड़े पदों को अभियान चलाकर भरा जाएगा।
UKSSSC Vacancy 2026 के तहत प्रस्तावित भर्तियों से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हजारों युवाओं को अवसर मिलने की उम्मीद है। हालांकि अभ्यर्थियों को आवेदन की अंतिम तारीख, परीक्षा तिथि और पदवार विस्तृत जानकारी के लिए आयोग की आधिकारिक अधिसूचना का इंतजार करना होगा।
Location : Haridwar
Published : 7 August 2026, 4:07 PM IST