हिंदी
संविदा कर्मचारी की दर्दनाक मौत
Nainital: नैनीताल के बिड़ला क्षेत्र में शुक्रवार सुबह जंगल की आग बुझाने निकला एक संविदा कर्मचारी खुद आग और पहाड़ के बीच फंस गया और उसकी जिंदगी दर्दनाक हादसे में खत्म हो गई। आग की लपटों को काबू करने की कोशिश में वह खड़ी चट्टान पर चढ़ा, लेकिन एक फिसलन ने सब कुछ खत्म कर दिया। देखते ही देखते वह गहरी खाई में जा गिरा और कुछ ही पलों में उसकी सांसें थम गईं। इस हादसे ने न सिर्फ वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि इलाके में गुस्से की लहर भी दौड़ा दी है।
यह दर्दनाक घटना नैनीताल के बिड़ला क्षेत्र की है, जहां शुक्रवार सुबह जंगल में आग लगने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी। आग तेजी से फैल रही थी और उसे काबू करने के लिए कर्मचारी पहाड़ी इलाकों में चढ़कर फायर लाइन बनाने और लपटों को रोकने की कोशिश कर रहे थे।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। तुरंत वन विभाग और पुलिस को सूचना दी गई। टीम मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से आनंद लाल को अस्पताल ले जाया गया। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि गिरने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आई थीं, जिससे उनकी मौके पर ही हालत बिगड़ गई थी।
इस हादसे के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने वन विभाग पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। लोगों का कहना है कि जंगल की आग बुझाने के लिए भेजे जाने वाले कर्मचारियों को न तो फायर सूट दिया जाता है और न ही हेलमेट या अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरण। पूर्व सभासद दीपक कुमार भोलू के मुताबिक, आनंद लाल को बिड़ला चुंगी क्षेत्र में बेसुध हालत में पाया गया था। अगर उन्हें समय पर बेहतर सुरक्षा और संसाधन मिलते, तो शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी।
नैनीताल में तेज रफ्तार का कहर, जूस का ठेला लगाने वाला किशोर सड़क किनारे हुआ मौत का शिकार
घटना के बाद वन विभाग हरकत में आया है। वन क्षेत्राधिकारी ललित मोहन कार्की ने बताया कि हादसे की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और यह भी देखा जाएगा कि कहीं सुरक्षा में कोई चूक तो नहीं हुई। विभागीय कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Nainital
Published : 24 April 2026, 7:54 PM IST