हिंदी
नैनीताल में तेज रफ्तार का कहर
Nainital: उत्तराखंड के कालाढूंगी में एक ऐसा हादसा हुआ जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। 18 साल का अभिषेक सिंह, जो रोजाना बेल का जूस बेचकर अपने परिवार का सहारा बनता था, सड़क किनारे खड़ा-खड़ा ही मौत का शिकार हो गया। तेज रफ्तार कार ने अचानक नियंत्रण खोया और सीधे उसके ठेले में घुस गई।
यह दर्दनाक हादसा रामनगर रोड स्थित नयागांव वन विभाग चेक पोस्ट के पास हुआ। चश्मदीदों के मुताबिक दोपहर करीब पौने दो बजे कार कालाढूंगी की ओर से आ रही थी। कार चालक ने सामने चल रही गाड़ी को ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार के कारण नियंत्रण खो बैठा। कार सीधे अभिषेक के ठेले में जा टकराई और जोरदार टक्कर के साथ उसे उड़ा दिया। टक्कर के बाद कार आगे जाकर पेड़ से टकरा गई।
उत्तराखंड हाई कोर्ट का सख्त संदेश: बच्चे का भरण-पोषण सर्वोपरि, जिम्मेदारी से बच नहीं सकता पिता
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और गंभीर रूप से घायल अभिषेक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी ले जाया गया। लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिवार की हालत देख हर कोई गमगीन हो गया।
अभिषेक सिंह उधम सिंह नगर जिले के बरहैनी गांव का रहने वाला था। वह अपने पिता के साथ मिलकर परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभालता था। रोजाना कालाढूंगी के इसी मोड़ पर ठेला लगाकर बेल का जूस बेचता था, जिससे घर का खर्च चलता था। उसकी मौत ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है।
हादसे के बाद कार में सवार लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। एसएसआई पंकज जोशी के अनुसार, शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
Location : Nainital
Published : 21 April 2026, 5:33 PM IST