Ramnagar Accident: नैनीताल घूमने निकले बास्केटबॉल खिलाड़ी की मौत, पत्नी की हालत गंभीर

रामनगर में नैनीताल घूमने जा रहे राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी यतीश यादव की सड़क हादसे में मौत हो गई। उनकी पत्नी डॉ. शीतल यादव गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों की शादी को अभी चार महीने ही हुए थे।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 2 October 2026, 3:02 PM IST

Ramnagar News: उत्तराखंड के नैनीताल जिले रामनगर में देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी यतीश यादव की मौत हो गई। हादसा पीरूमदारा के पास नेशनल हाईवे-309 पर हुआ, जहां उनकी स्कॉर्पियो की सामने से आ रहे 22 टायरा डंपर से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में यतीश की पत्नी डॉ. शीतल यादव गंभीर रूप से घायल हो गईं।

काशीपुर से जा रहे थे नैनीताल

जानकारी के मुताबिक, गाजियाबाद निवासी यतीश यादव अपनी पत्नी डॉ. शीतल यादव के साथ काशीपुर से रामनगर होते हुए नैनीताल जा रहे थे। 2 अक्टूबर की देर रात करीब 1:20 से 1:45 बजे के बीच पीरूमदारा के पास उनकी स्कॉर्पियो की सामने से आ रहे डंपर से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर पलट गई और दोनों पति-पत्नी वाहन के अंदर फंस गए।

राहगीरों की मदद से निकाला बाहर

हादसे की सूचना मिलते ही रामनगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहगीरों की मदद से दोनों को वाहन से बाहर निकाला और रामनगर संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने यतीश यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल डॉ. शीतल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दिल्ली-एनसीआर रेफर किया गया।

ये भी पढ़ें- गांधी उद्यान पहुंचा PWD का रिटायर्ड कर्मचारी, कुछ देर बाद मिली लाश; पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज

चार महीने पहले हुई थी शादी

बताया गया है कि यतीश यादव की शादी करीब चार महीने पहले ही डॉ. शीतल यादव से हुई थी। यतीश गाजियाबाद के शाहपुर बमेठा क्षेत्र के रहने वाले थे। वह राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी होने के साथ एक निजी स्कूल में शिक्षक भी थे। उनकी पत्नी डॉ. शीतल पेशे से चिकित्सक हैं। दोनों शादी के कुछ ही महीने बाद नैनीताल घूमने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।

पिता ने डंपर चालक पर लगाया लापरवाही का आरोप

हादसे की जानकारी मिलने के बाद यतीश के परिजन रामनगर पहुंचे। यतीश के पिता सुरेश यादव ने डंपर चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि उपखनिज से लदा 22 टायरा डंपर ओवरटेक करने के दौरान गलत दिशा में आ गया और सामने से स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी।

ये भी पढ़ें- Dehradun: 16 करोड़ का पुल पहली ही बारिश में धंसा, बीच सड़क बनी मौत का गड्ढा; जनता के सामने आई घटिया निर्माण की काली सच्चाई

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त डंपर को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। रामनगर कोतवाल सुशील कुमार के मुताबिक, यतीश के शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

Location :  Nainital

Published :  2 October 2026, 3:02 PM IST