
नैनीताल हादसा (Img- Dynamite News)
Nainital: पहाड़ों की सुंदरता के बीच नैनीताल से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। शहर के व्यस्त हल्द्वानी रोड स्थित नेशनल होटल के पास बनी पार्किंग में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के रहने वाले एक टैक्सी चालक की 5वीं मंजिल से सीधे खाई में गिरने से मौत हो गई। इस घटना के बाद से ही क्षेत्र में मातम का माहौल है।
घटना गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे की है। रोज की तरह जब अन्य टैक्सी चालक पार्किंग में अपनी गाड़ियाँ खड़ी कर रहे थे, तभी उनकी नज़र पास की गहरी खाई में पड़ी झाड़ियों पर गई। वहाँ एक व्यक्ति बेसुध अवस्था में पड़ा हुआ था। चालकों ने बिना वक्त गंवाए तुरंत तल्लीताल कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
अब पुराने होटल भी नहीं बचेंगे! नैनीताल में पर्यटन नियमावली बदली, पंजीकरण न कराया तो होगी कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुँची। एएसआई राकेश बोहरा, कांस्टेबल परमजीत सिंह और चंदन लाल ने स्थानीय टैक्सी चालकों की मदद से तुरंत रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद चालक को खाई से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए बीडी पांडे अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुँचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर (सदर कोतवाली) निवासी 45 वर्षीय मनोज जैन के रूप में हुई है। मनोज नैनीताल में ही रहकर टैक्सी चलाता था। तल्लीताल कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि साथियों से पूछताछ में पता चला है कि मनोज नशे का आदी था और रात को टैक्सी स्टैंड के पीछे बने ऑफिस में ही सोता था। प्राथमिक जांच के अनुसार, रात के वक्त नशे में संतुलन बिगड़ने के कारण वह 5वीं मंजिल से सीधे नीचे खाई में जा गिरा।
नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग पर बड़ा हादसा: 300 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, चार लोग घायल, मची अफरा-तफरी
तल्लीताल पुलिस ने मृतक मनोज जैन के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी है और शव के पंचनामे की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हालांकि शुरुआती जांच में मामला हादसे का लग रहा है, लेकिन घटना से जुड़े अन्य संभावित कारणों और एंगल पर भी गंभीरता से जांच की जा रही है।
Location : Nainital
Published : 13 August 2026, 10:36 AM IST