नैनीताल में बड़ा हादसा: कृषि विभाग का कैंटर खाई में गिरा, ड्राइवर की ऑन द स्पॉट मौत, 3 लोग लड़ रहे मौत-जिंदगी से जंग

नैनीताल के ओखलकांडा मल्ला क्षेत्र में कृषि विभाग की कैंटर सड़क से नीचे गिर गई। हादसे में चालक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए। घायलों को हल्द्वानी रेफर किया गया। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने अस्पताल पहुंचकर हालचाल लिया और मुआवजे के निर्देश दिए।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 10 August 2026, 8:11 PM IST

Nainital News: उत्तराखंड के नैनीताल जिले के ओखलकांडा मल्ला में सोमवार को कृषि विभाग की कैंटर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे में कैंटर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा मौके पर पहुंचे और घायलों का हाल जाना।

हादसे में चालक की गई जान

जानकारी के अनुसार कृषि विभाग की कैंटर संख्या UK04 CB 1819 ओखलकांडा मल्ला क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में चालक कमल जोशी (25) पुत्र हरीश जोशी निवासी मानाघेर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सहायक कृषि अधिकारी दीवान सिंह मेहता (59) पुत्र हरक सिंह, पंकज सिंह (27) पुत्र लक्ष्मण सिंह निवासी धानाचुली और रोहित कुमार पुत्र सुरेश चंद्र निवासी पस्या घायल हो गए।

Nainital News: हल्द्वानी मार्ग पर पेड़ गिरते ही एक्टिव हुए अफसर, मिनटों में खुलवाया रास्ता

घायलों को हल्द्वानी किया गया रेफर

दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ओखलकांडा पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। सूचना मिलते ही कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा भी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को बेहतर उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल (हल्द्वानी) रेफर कर दिया गया।

कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा पहुंचे अस्पताल

मंत्री कैड़ा ने अस्पताल के चिकित्सकों को घायलों का उचित उपचार करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारी नैनीताल से भी वार्ता कर मृतक चालक का पोस्टमार्टम ओखलकांडा में ही कराने की व्यवस्था करने को कहा, जिसके बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई।

Nainital news: परीक्षा का तनाव बना जानलेवा, नैनीताल में 19 साल के छात्र की मौत

मुआवजे के निर्देश

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने जिला प्रशासन से हादसे में मृतक के परिजनों और घायलों को नियमानुसार उचित मुआवजा उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में वह मृतक के परिवार और घायलों के परिजनों के साथ खड़े हैं। हादसे की सूचना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Location :  Nainital

Published :  10 August 2026, 8:11 PM IST