
नैनीताल घूमने आये परिवार की खुशियां हुई चूर (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज)
Nainital: सरोवर नगरी नैनीताल घूमने आए एक पर्यटक परिवार की खुशियां उस समय पलभर में मातम में बदल गईं, जब होटल में खेल रहा तीन वर्षीय मासूम हादसे का शिकार हो गया। घटना के बाद परिजन ने उसे पहले नैनीताल, फिर हल्द्वानी और बाद में दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश निवासी विशाल सैनी अपने परिवार के साथ नैनीताल घूमने आए थे और मल्लीताल क्षेत्र के एक होटल में ठहरे हुए थे। रविवार सुबह उनका तीन वर्षीय बेटा गौरांत होटल के कमरे में खेल रहा था। इसी दौरान अचानक वह खिड़की के पास पहुंच गया और संतुलन बिगड़ने से करीब 20 फीट नीचे जा गिरा। हादसा होते ही परिवार में अफरा तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल बच्चे को तुरंत बीडी पांडे जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।
जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच में बच्चे की हालत गंभीर पाई। अस्पताल के डॉक्टर सुनील परिहार के अनुसार मासूम के सिर पर गंभीर चोट लगी थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी रेफर किया गया। वहां जांच में सिर की हड्डी और गर्दन में गंभीर चोट की पुष्टि होने पर डॉक्टरों ने उसे दिल्ली भेज दिया।
बताया जा रहा है कि दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में इलाज के दौरान मासूम गौरांत ने दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार गहरे सदमे में है। नैनीताल घूमने आए परिवार के लिए यह यात्रा जिंदगी का सबसे बड़ा दुख बन गई।
Location : Nainital
Published : 6 July 2026, 6:17 AM IST