Uttarakhand Crime: नैनीताल में UP के रईसजादों का हुड़दंग, नशे में धुत होकर पार्किंग कर्मियों को पीटा, कई गाड़ियां तोड़ीं

नैनीताल में यूपी के पर्यटकों का खौफनाक हुड़दंग! तल्लीताल में नशे में धुत रामपुर के युवकों ने पार्किंग कर्मियों से मारपीट के बाद तेज रफ्तार कार से कई गाड़ियां तोड़ीं और बुजुर्ग को घायल किया। पुलिस ने गाड़ी सीज कर आरोपियों का चालान काटा।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 4 July 2026, 12:47 PM IST
google-preferred

Nainital: उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नैनीताल में उत्तर प्रदेश से आए कुछ पर्यटकों द्वारा नशे की हालत में बीच सड़क पर जमकर हंगामा करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। तल्लीताल क्षेत्र में पार्किंग में वाहन खड़ा करने जैसी मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि पर्यटकों ने आपा खो दिया।

इसके बाद उन्होंने अपना वाहन बेहद लापरवाही और तेज रफ्तार से दौड़ाकर सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

पार्किंग कर्मियों से विवाद के बाद हुआ हमला

घटना गुरुवार रात की है, जब तल्लीताल के फांसी गधेरा क्षेत्र में उत्तर प्रदेश के रजिस्ट्रेशन नंबर वाले एक वाहन से कुछ पर्यटक पहुंचे थे। वहां मौजूद पार्किंग कर्मियों ने जब उन्हें नियमानुसार गाड़ी खड़ी करने को कहा, तो नशे में धुत पर्यटकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।

विवाद इतना बढ़ा कि पर्यटकों ने पार्किंग कर्मियों के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद खुद को घिरता देख आरोपियों ने अपने वाहन की रफ्तार बढ़ाई और उसे डीएसबी परिसर की ओर जाने वाले संकरे मार्ग पर अंधाधुंध तरीके से दौड़ा दिया।

अब मॉल रोड पर हॉर्न बजाया तो होगी कार्रवाई! नैनीताल में 1 अगस्त से लागू होगा नया नियम, पर्यटकों को मिलेगा बड़ा सुकून

तेज रफ्तार गाड़ी की चपेट में आए बुजुर्ग, कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त

भागने के प्रयास में पर्यटकों ने सड़क किनारे पार्क किए गए कई दोपहिया वाहनों को जोरदार टक्कर मारी, जिससे कई गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। तेज रफ्तार वाहन हुड़दंग मचाते हुए हॉस्टल के समीप तक पहुंच गया।

इसी दौरान वहां बाहर टहल रहे एक स्थानीय बुजुर्ग भी इस अनियंत्रित वाहन की चपेट में आ गए, जिससे वे मामूली रूप से चोटिल हो गए। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। बुजुर्ग के घायल होते ही वहां मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।

स्थानीय लोगों ने पीछा कर दबोचा, पुलिस के हवाले किया

वाहन का पीछा कर रहे सजग पार्किंग कर्मियों और आसपास के स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए पर्यटकों की गाड़ी को आगे जाकर घेर लिया। भीड़ ने सभी आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया और तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची तल्लीताल थाना पुलिस ने सभी पर्यटकों को हिरासत में ले लिया और उनके वाहन को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया।

नैनीताल में रेंटल टैक्सी बाइक और स्कूटी पर रोक, हाईकोर्ट के आदेश के बाद परिवहन विभाग का बड़ा फैसला

रामपुर के रहने वाले हैं आरोपी, मेडिकल में नशे की पुष्टि

तल्लीताल कोतवाली प्रभारी हरपाल सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने हिरासत में लिए गए सभी युवकों का तुरंत मेडिकल परीक्षण कराया। मेडिकल रिपोर्ट में मुख्य वाहन चालक हार्दिक सक्सेना, जो कि सिविल लाइंस रामपुर (उत्तर प्रदेश) का निवासी है, के अत्यधिक नशे में होने की पुष्टि हुई है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पर्यटकों के वाहन को सीज कर दिया है। इसके साथ ही चालक हार्दिक सक्सेना और उसके साथ मौजूद रामपुर निवासी शौर्य गुप्ता, रोहित कश्यप और सार्थक सक्सेना के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत सख्त चालानी कार्रवाई की गई है।

Location :  Nainital

Published :  4 July 2026, 12:47 PM IST

Advertisement