घर का इकलौता चिराग बुझा, जानिए हल्द्वानी हादसे की दर्दभरी कहानी

हल्द्वानी के गोरापड़ाव में एनएच-109 पर केंटर और बाइक की भीषण टक्कर में 12वीं के छात्र सिद्धार्थ की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त अयान गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद बाइक में आग लग गई और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 4 July 2026, 12:40 AM IST

Nainital: हल्द्वानी के गोरापड़ाव क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 109 पर शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां पल भर में छीन लीं। तेज रफ्तार केंटर की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की जिंदगी बदल गई।

हादसे में 12वीं कक्षा के एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद बाइक में आग लग गई और वह पूरी तरह जलकर राख हो गई।

पुलिस के मुताबिक, लालकुआं निवासी सिद्धार्थ अपने पड़ोसी और करीबी दोस्त अयान के साथ देर शाम घर से निकला था। दोनों किसी काम से बाजार गए थे और रात में वापस लौट रहे थे। इसी दौरान गोरापड़ाव के पास उनकी बाइक की सामने से आ रहे एक केंटर से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सड़क पर गिरते ही आग की लपटों में घिर गई।

दोस्त की हालत गंभीर

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सिद्धार्थ को मृत घोषित कर दिया। वहीं अयान की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज अस्पताल में जारी है।

बताया जा रहा है कि सिद्धार्थ लालकुआं वार्ड नंबर-4 का रहने वाला था और 12वीं कक्षा का छात्र था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके दादा लालकुआं नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं, जबकि उसके पिता सामाजिक कार्यकर्ता होने के साथ जूडो कराटे प्रशिक्षक भी हैं। घटना के बाद परिवार समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

अब मॉल रोड पर हॉर्न बजाया तो होगी कार्रवाई! नैनीताल में 1 अगस्त से लागू होगा नया नियम, पर्यटकों को मिलेगा बड़ा सुकून

माता-पिता घर से थे बाहर

जानकारी के अनुसार, हादसे के समय सिद्धार्थ के माता-पिता किसी काम से उत्तर प्रदेश के बदायूं गए हुए थे। घर पर अकेला होने के कारण वह अपने दोस्त अयान के साथ बाहर गया था। देर रात लौटते समय दोनों इस दर्दनाक हादसे का शिकार हो गए।

नैनीताल में रेंटल टैक्सी बाइक और स्कूटी पर रोक, हाईकोर्ट के आदेश के बाद परिवहन विभाग का बड़ा फैसला

पुलिस का बयान

सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 109 पर हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हुई है, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। घायल का अस्पताल में उपचार चल रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Location :  Nainital

Published :  4 July 2026, 12:34 AM IST