
रामनगर में बसंत महोत्सव की शुरुआत
Nainital: रामनगर में गुरुवार से बसंत महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हो गया है। दो दिनों तक चलने वाले इस बसंत उत्सव के दौरान सांस्कृतिक, लोककलात्मक और पारंपरिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। महोत्सव के पहले दिन ही नगर में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला, जब रंग-बिरंगी झांकियां निकालकर उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया।
रामनगर की सड़कों पर निकली झांकियों ने लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। इन झांकियों के माध्यम से उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, परंपराएं और रीति-रिवाजों को बखूबी दर्शाया गया। झांकियों में उत्तराखंड के पारंपरिक परिधान, वाद्य यंत्र और लोकनृत्य लोगों को खासा आकर्षित करते नजर आए।
बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों ने झांकियों को देखकर उत्तराखंड की संस्कृति से रूबरू होने का अवसर प्राप्त किया। विशेष रूप से झांकियों में उत्तराखंड में प्रचलित हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार होने वाली पारंपरिक शादियों का सजीव चित्रण किया गया।
रामनगर में निकली मनमोहक झांकी
विवाह से जुड़े रस्मों, पारंपरिक वेशभूषा और लोकगीतों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा झांकियों में उत्तराखंड के देवी-देवताओं की झलक भी देखने को मिली, जिसमें लोक आस्था और धार्मिक परंपराओं को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया गया।
महोत्सव के दौरान झोड़ा नृत्य सहित अन्य लोकनृत्यों की प्रस्तुति ने वातावरण को पूरी तरह सांस्कृतिक रंग में रंग दिया। कलाकारों ने पारंपरिक गीत-संगीत के साथ उत्तराखंड की लोककला को जीवंत किया, जिस पर दर्शक भी तालियों के साथ झूमते नजर आए।
रामनगर में मनमोहक झांकी
आयोजकों के अनुसार, बसंत महोत्सव का उद्देश्य उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और लोगों को अपनी जड़ों से जोड़ना है। आने वाले दो दिनों में भी विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोकगीत, नृत्य और पारंपरिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी।
उत्तराखंड में इको टूरिज्म को मिलेगी नई पहचान, शांत जंगल और दूरदराज इलाके बनेंगे पर्यटन केंद्र
बसंत महोत्सव का यह आगाज रामनगर में सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक समरसता का संदेश देता नजर आया, जिसने नगरवासियों के साथ-साथ बाहर से आए लोगों को भी उत्तराखंड की संस्कृति से जोड़ने का कार्य किया।
Location : Ramnagar
Published : 22 January 2026, 5:48 PM IST
Topics : Basant Mahotsav launch Nainital Ramnagar tableaux