
रिश्वत लेता पटवारी निर्मल बोरा गिरफ्तार (img: Dynamite News)
Nainital: उत्तराखंड के नैनीताल जिले की धारी तहसील क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस ने कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी की पहचान निर्मल बोरा के रूप में हुई है। आरोप है कि जमीन की पैमाइश के बदले शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की जा रही थी।
मामला धारी तहसील क्षेत्र के मौड़ा गांव का बताया गया है। शिकायतकर्ता ने जमीन की नाप-जोख कराने के लिए क्षेत्रीय पटवारी से संपर्क किया था। आरोप है कि पैमाइश का काम करने के एवज में पटवारी द्वारा उससे लगातार पैसों की मांग की जा रही थी। शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने से इनकार करते हुए मामले की शिकायत विजिलेंस की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 पर की।
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने प्रारंभिक जांच की। अधिकारियों के अनुसार जांच में शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए गए। इसके बाद थाना सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर नैनीताल-हल्द्वानी में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
इसके बाद अधिकारियों के निर्देश पर निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की गई।
शनिवार को विजिलेंस टीम ने योजना के तहत धारी तहसील क्षेत्र में कार्रवाई की। टीम के अनुसार, जैसे ही पटवारी निर्मल बोरा ने शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार की, विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
कार्रवाई सफल होने पर सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने ट्रैप टीम की सराहना की और टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की। विजिलेंस ने लोगों से अपील की है कि सरकारी काम के बदले यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी शिकायत सतर्कता अधिष्ठान से करें। शिकायत के लिए विजिलेंस ने टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 और व्हाट्सऐप नंबर 9456592300 जारी किया है।
Location : नैनीताल
Published : 26 September 2026, 7:37 PM IST
Topics : Nainital Nainital Police Uttarakhand News Vigilance