
संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या
Nainital: नैनीताल जिले में हल्द्वानी के काठगोदाम थाना क्षेत्र के चांदमारी इलाके में 24 वर्षीय छात्रा ने संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान दिव्या आर्या के रूप में हुई है, जो एमबीपीजी कॉलेज में अंतिम वर्ष की छात्रा थी।
शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि छात्रा ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि रविवार शाम दिव्या ने परिवार के साथ सामान्य रूप से समय बिताया और रात का खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में चली गई।
इसी दौरान उसने अपने एक करीबी दोस्त को मोबाइल का पिन कोड भेजा। अचानक आए इस संदेश से दोस्त भी सोच में पढ़ गया कि आखिर पिन कोड क्यों भेजा होगा। जिसके बाद उसने 40 बार फोन कर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
अनहोनी की आशंका होने पर वह तुरंत दिव्या के घर पहुंचा। घर पहुंचने पर जब कमरे का दरवाजा खोला गया तो दिव्या का शव फंदे से लटका मिला। परिजन उसे आनन फानन में अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के समय घर में अन्य सदस्य मौजूद थे, लेकिन किसी को इसकी भनक नहीं लग सकी।
मृतका चार बहनों में सबसे बड़ी थी। बताया जा रहा है कि एक वर्ष पूर्व उसके पिता का निधन हो चुका था, जिसके बाद परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। मां मेहनत मजदूरी कर बेटियों की पढ़ाई का खर्च उठा रही थी। ऐसे में इस घटना ने परिवार को गहरा आघात पहुंचाया है।
सूचना मिलने पर काठगोदाम पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या से पहले भेजे गए मोबाइल पिन कोड के पीछे की वजह का भी पता लगाया जा रहा है।
Location : Nainital
Published : 13 April 2026, 3:57 PM IST
Topics : Haldwani Nainital suicide case uttarakhand