Nainital Road Accident: भवालीगांव बाईपास पर गहरी खाई में गिरी कार, UP के एक ही परिवार के 5 लोगों की दर्दनाक मौत

उत्तराखंड के नैनीताल जिले में भवालीगांव बाईपास पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में एक बच्चे, दो महिलाओं और दो पुरुषों समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस और SDRF की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 21 May 2026, 4:14 PM IST
google-preferred

Nainital: उत्तराखंड के पहाड़ी रास्तों पर तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहनों के कारण हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को सरोवर नगरी नैनीताल जिले से एक बेहद दर्दनाक और भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां भवालीगांव बाईपास रोड पर एक कार अनियंत्रित होकर सीधे गहरी खाई में जा गिरी।

इस दिल दहला देने वाले हादसे में कार सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल देखा गया। पुलिस के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त हुआ वाहन उत्तर प्रदेश (UP) का है।

दोपहर सवा दो बजे ढैला गांव के पास हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार यह भीषण हादसा गुरुवार दोपहर करीब 2:15 बजे घटित हुआ। सेनेटोरियम-रातीघाट बायपास रोड पर भवाली स्थित ढैला गांव से महज 500 मीटर पहले एक महिंद्रा कार (वाहन संख्या: यूपी 32 क्यूयू 1874) अचानक अपना संतुलन खो बैठी। रफ्तार तेज होने के कारण चालक गाड़ी पर काबू नहीं रख सका और कार सड़क से फिसलकर सीधे गहरी खाई में लुढ़क गई। वाहन के खाई में गिरते ही उसके परखच्चे उड़ गए। कार में एक ही परिवार के कुल पांच लोग सवार थे।

नैनीताल में बड़ा एक्शन: चर्चित बाहुबली नरेश पांडे घर से गिरफ्तार, शादी का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप

एक बच्चे और दो महिलाओं समेत सभी पांच सवारों की मौत

हादसे की गूंज सुनते ही स्थानीय ग्रामीण तुरंत मदद के लिए मौके की तरफ दौड़े। स्थानीय पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) और एसएसबी (SSB) की टीमों को तुरंत सूचित किया गया, जिसके बाद संयुक्त रूप से एक बड़ा राहत व बचाव अभियान शुरू किया गया। हालांकि, खाई इतनी गहरी थी और हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार एक मासूम बच्चे, दो पुरुषों और दो महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। रेस्क्यू टीमों ने बेहद मशक्कत के बाद सभी पांचों शवों को खाई से बाहर निकाला और मुख्य सड़क तक पहुंचाया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया गहरा शोक

इस दुखद घटना पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा, 'नैनीताल में वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।' सीएम ने स्थानीय प्रशासन को प्रभावितों की हर संभव मदद करने के निर्देश दिए हैं।

नैनीताल में अपराधियों पर बड़ा प्रहार, 7 कुख्यात बदमाश 6 महीने के लिए जिला बदर

हादसे के कारणों की जांच में जुटी स्थानीय पुलिस

स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की जा रही है। उत्तर प्रदेश के पंजीकरण नंबर (UP 32 - लखनऊ) के आधार पर मृतकों के परिजनों से संपर्क साधने की कोशिश की जा रही है ताकि शवों की शिनाख्त की जा सके। भवाली पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच की जा रही है कि यह हादसा किसी तकनीकी खराबी के कारण हुआ या फिर मोड़ पर तेज रफ्तार होने की वजह से कार अनियंत्रित हुई।

Location :  Nainital

Published :  21 May 2026, 4:14 PM IST

Advertisement