पर्यटन के लिए मशहूर नैनीताल में बिना नियमों का पालन किए संचालित हो रहे होमस्टे के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पर्यटन विभाग की जांच के दौरान कई अनियमितताएं सामने आने के बाद जिले के 31 होमस्टे का पंजीकरण निरस्त कर दिया गया है। पढ़ें पूरी खबर

होमस्टे के खिलाफ प्रशासन सख्त
नैनीताल: पर्यटन के लिए मशहूर नैनीताल में बिना नियमों का पालन किए संचालित हो रहे होमस्टे के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पर्यटन विभाग की जांच के दौरान कई अनियमितताएं सामने आने के बाद जिले के 31 होमस्टे का पंजीकरण निरस्त कर दिया गया है। साथ ही अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि जो होमस्टे बिना वैध अनुमति के चल रहे हैं, उन्हें बंद कर सील किया जा सकता है।
प्रशासन को लगातार शिकायतें
दरअसल, पिछले कुछ समय से प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि जिले के अलग-अलग इलाकों में कई लोग बिना जरूरी पंजीकरण के होमस्टे चला रहे हैं। कुछ जगहों पर यह भी सामने आया कि होमस्टे को नियमों के विपरीत होटल की तरह व्यावसायिक तरीके से संचालित किया जा रहा है। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पर्यटन विभाग ने कई स्थानों पर जांच अभियान चलाया।
खामियों को देखते हुए कड़ी कार्रवाई
जांच के दौरान कई होमस्टे में जरूरी दस्तावेज अधूरे मिले और निर्धारित मानकों का पालन भी नहीं किया जा रहा था। विभागीय टीम ने इन खामियों को देखते हुए कड़ी कार्रवाई करते हुए 31 होमस्टे का पंजीकरण तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया।
शंकराचार्य ने योगी आदित्यनाथ को दिया अल्टीमेटम, कहा- आपके पास सिर्फ 6 दिन का समय, जानें पूरा मामला
व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि नैनीताल जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल पर आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि आगे भी समय-समय पर निरीक्षण जारी रहेगा और यदि कोई होमस्टे बिना पंजीकरण के चलता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील किया जाएगा। प्रशासन ने सभी होमस्टे संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे नियमों के अनुसार अपना पंजीकरण कराएं और सभी जरूरी दस्तावेज पूरे रखें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कार्रवाई की नौबत न आए।