हल्द्वानी में वेंडरों को पहचान दिलाने के लिए नगर निगम की पहल, प्रशस्ति पत्र बांटकर लगाया वेंडिंग बोर्ड

उत्तराखंड के हल्द्वानी जनपद से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां नगर निगम ने ठेले वालों को पहचान दिलाने के लिए एक नई पहल शुरू की है। पूरी खबर के लिए पढ़ें डाइनामाइट न्यूज़ की ये रिपोर्ट

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 5 June 2025, 12:38 PM IST

हल्द्वानी: हल्द्वानी नगर निगम अब फड़ और ठेले वालों को पहचान दिलाने की दिशा में गंभीरता से कदम बढ़ा रही है। इसी कड़ी में नगर निगम की ओर से शहर के वेंडर संचालकों को प्रशस्ति पत्र बांटे गए हैं। साथ ही नगर निगम के मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने नगर सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि सभी वेंडरों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए हैं और उनसे आग्रह किया गया है कि वे इन प्रमाणपत्रों को अपने संस्थानों में अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें।

वेंडिंग बोर्ड का उद्देश्य
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक इसके पीछे का उद्देश्य यह है कि शहर में अवैध वेंडिंग को रोका जा सके और प्रमाणित वेंडरों को अधिकारिक पहचान मिल सके। वहीं, मेयर ने बताया कि शहर के दमुवाढूंगा क्षेत्र में लंबे समय से स्थानीय नागरिक हाउस टैक्स की व्यवस्था लागू करने की मांग कर रहे थे। जनता की इस मांग को देखते हुए नगर निगम द्वारा अब इस क्षेत्र में हाउस टैक्स वसूलने का निर्णय लिया गया है।

मेयर ने की ये बात स्पष्ट
मेयर ने स्पष्ट किया कि इससे निगम को राजस्व में मदद मिलेगी और विकास कार्यों को गति दी जा सकेगी। इसके अलावा, नगर निगम क्षेत्र में चल रहे जल संस्थान, एडीबी और लोक निर्माण विभाग के कार्यों की प्रगति पर भी मेयर ने चिंता जताई और संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे कार्यों में तेजी लाएं ताकि जनता को जल्द सुविधाएं मिल सकें।

बता दें कि स्वच्छता अभियान को लेकर मेयर ने कहा कि 15 अप्रैल से 15 मई तक जो विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया था, उसे आगे भी जारी रखा जाएगा। साफ-सफाई नगर निगम की प्राथमिकता में बनी रहेगी।

इस दिन होगा कालूसाईं बाबा मंदिर का स्थानांतरण
प्रेस वार्ता के दौरान मेयर ने एक और महत्वपूर्ण जानकारी साझा की कि आगामी 6 जून को कालूसाईं बाबा मंदिर का स्थानांतरण किया जा रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं शामिल होकर मंदिर का विधिवत उद्घाटन करेंगे। इसके बाद मंदिर को श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु खोल दिया जाएगा।

अंत में मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री धामी द्वारा हल्द्वानी नगर निगम को छह फिल्टर वाटर टैंक प्रदान किए गए हैं, जिसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताया। यह सभी प्रयास नगर निगम की ओर से शहर को सुव्यवस्थित, स्वच्छ और समृद्ध बनाने की दिशा में उठाए गए सराहनीय कदम हैं।

Location :  Haldwani

Published :  5 June 2025, 12:33 PM IST