उत्तराखंड में क्या हुआ रातोरात? 24 परिवारों ने अचानक छोड़ा आशियाना

नैनीताल के सिपाहीधारा क्षेत्र में सोमवार शाम पहाड़ी से विशाल बोल्डर गिरने से बड़ा खतरा पैदा हो गया। बोल्डर गिरने से कार क्षतिग्रस्त हुई और दहशत के बीच 24 परिवार रातोंरात घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने को मजबूर हुए। क्षेत्र में लंबे समय से पहाड़ी दरारों का खतरा बना हुआ है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 5 May 2026, 8:56 PM IST

Nainital: नैनीताल के तल्लीताल इलाके में गत दिवस उस समय हड़कंप मच गया, जब सिपाहीधारा की पहाड़ी से अचानक एक विशाल बोल्डर टूटकर नीचे आ गिरा। बोल्डर सीधे उस स्थान पर गिरा, जहां एक कार खड़ी थी। कार में कोई मौजूद न होने के कारण बड़ा हादसा टल गया। चट्टान के टूटने के बाद उसके कई टुकड़े गुफा महादेव मंदिर के पास बने आवासीय इलाकों में जा गिरे, जिससे आसपास रहने वाले लोगों में गहरा डर फैल गया। गुफा महादेव और कृष्णापुर क्षेत्र के लोग इस घटना के बाद लगातार दहशत में हैं।

यह स्थान बलियानाला के बेहद संवेदनशील हिस्से के ठीक ऊपर पड़ता है और इसी रास्ते से वीरभट्टी की ओर जाने वाला मार्ग गुजरता है। लोगों का कहना है कि सिपाहीधारा मंदिर के ऊपर सीसी मार्ग से ठीक ऊपर लंबे समय से एक भारी बोल्डर लटका हुआ था, जिसकी वजह से खतरा बना हुआ था।

सत्ता पलटी पश्चिम बंगाल में, हड़कंप मचा ढाका में

गत दिवस शाम लगभग छह बजे यह बोल्डर अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ा। इसकी तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि वे लंबे समय से सुरक्षा की मांग करते आ रहे थे, लेकिन केवल लोहे की जाली लगाकर मामले को निपटा दिया गया और विशेषज्ञ बुलाने की बात कहकर इसे टाल दिया गया।

अंबेडकरनगर में महिला का शव नाली से मिलने पर क्राइम स्टोरी में नया मोड़, निकला विदेशी कनेक्शन

घटनास्थल पर पूर्व उपाध्यक्ष डीएन भट्ट, सभासद सुरेंद्र कुमार, दिनेश जोशी, पंकज चौधरी, कमल बिष्ट, रजब भाई और मुख्तार अहमद मौजूद थे। एसडीएम नवाजिश खलिक के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार को मौके पर भेजा गया है।

सिंचाई विभाग की ओर से कुछ समय पहले इस पहाड़ी को संवेदनशील मानते हुए सुरक्षा कार्य किए गए थे। अधिशासी अभियंता डीके सिंह ने बताया कि बलियानाला क्षेत्र में सुरक्षा कार्य चल रहे हैं और जल्द ही विशेषज्ञों की टीम से विस्तृत सर्वे कराकर आगे की सुरक्षा प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

पिछले कई वर्षों से दरारें बढ़ती जा रही

हादसे के बाद लोगों में भय इस कदर बढ़ गया कि रात तीन से चार परिवारों के 20 से अधिक लोग गुफा महादेव मंदिर में जाकर ठहर गए। कृष्णापुर वार्ड में लगभग चार हजार की आबादी रहती है और इस पहाड़ी पर पिछले कई वर्षों से दरारें बढ़ती जा रही थीं।

भूकंप के बाद यह दरारें और गहरी

स्थानीय लोगों के अनुसार, 2018 के भूकंप के बाद यह दरारें और गहरी हो गईं। सभासद सुरेंद्र कुमार ने चेतावनी दी कि एक बोल्डर के गिरने के बाद अब पूरी पहाड़ी खिसकने की आशंका और बढ़ गई है।अधिवक्ता प्रदीप परगाई और दिनेश जोशी ने अंदेशा जताया कि पहाड़ी की सुरक्षा कार्यों के दौरान की गई ड्रिलिंग ने इसे और कमजोर कर दिया होगा। डॉ. अनिल मिश्रा ने बताया कि पास में रहने वाले परिवारों में डर बना हुआ है और कई लोगों ने एहतियातन मंदिर में ही शरण ली है।

Location :  Nainital

Published :  5 May 2026, 8:24 PM IST