Haridwar: उत्तराखंड के हरिद्वार में आज सोमवार को आयोजित जनसुनवाई में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में हुई इस जनसुनवाई में कुल 78 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें भूमि विवाद, बिजली-पानी की समस्याएं, पेंशन, अतिक्रमण, राजस्व और विकास कार्यों से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं।
जनता की समस्याओं को सुनते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही बुलाकर कई मामलों का त्वरित समाधान कराया। प्रशासनिक स्तर पर समन्वय बनाते हुए 42 शिकायतों का निस्तारण तत्काल कर दिया गया, जिससे फरियादियों को राहत मिली।
बाकी बची शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि कोई भी फरियादी एक ही समस्या लेकर दोबारा जनसुनवाई में न पहुंचे। यदि किसी विभाग की लापरवाही सामने आई तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मैनपुरी में यादव समाज का प्रदर्शन, रिलीज से पहले विवादों में ‘यादव जी की लव स्टोरी’, पढ़ें पूरी खबर
डीएम ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य केवल शिकायत दर्ज करना नहीं बल्कि उसका समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद करें और उन्हें कार्रवाई की जानकारी दें, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जाए और शिकायतकर्ताओं से फोन पर संपर्क कर उनकी समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इसके साथ ही प्रशासन को स्थलीय निरीक्षण बढ़ाने के निर्देश दिए गए, ताकि समस्याओं की वास्तविक स्थिति का पता लगाकर उनका जल्द समाधान किया जा सके। डीएम ने कहा कि विभागों के बीच बेहतर समन्वय से ही जनसमस्याओं का प्रभावी समाधान संभव है। जनसुनवाई के दौरान मौजूद फरियादियों ने मौके पर समाधान मिलने पर संतोष जताया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने भरोसा दिलाया कि प्रशासन जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है और भविष्य में भी इसी तरह त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।
Location : Haridwar
Published : 23 February 2026, 4:13 PM IST
Topics : DM ensure the same complaint is not repeated Haridwar Public Hearings Haridwar News Haridwar Police Uttarakhand News