देवभूमि में शर्मनाक हरकत: हरिद्वार के गंगा घाट पर बदसलूकी कर रहे थे बागपत के हुड़दंगी, पुरोहितों और पुलिस ने सिखाया सबक

हरिद्वार की पवित्र हरकी पैड़ी पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने और महिलाओं से अभद्र व्यवहार करने वाले उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी 4 युवकों को पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सभी का चालान कर कड़ी चेतावनी दी है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 27 May 2026, 4:16 PM IST

Haridwar: देवभूमि उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थल हरिद्वार से एक शर्मनाक मामला सामने आया है। पवित्र हरकी पौड़ी और आसपास के घाट क्षेत्र में शराब पीकर हुड़दंग मचाने और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के चार यात्रियों को गिरफ्तार किया है।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों, व्यापारियों और तीर्थ पुरोहितों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई करते हुए उनका चालान काट दिया है।

नशे की हालत में महिलाओं से की बदसलूकी

मिली जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश से आए कुछ युवक अत्यधिक शराब के नशे में धुत होकर हरकी पौड़ी के मुख्य बाजार और गंगा घाट क्षेत्र में घूम रहे थे। मर्यादा की सारी सीमाएं लांघते हुए इन हुड़दंगियों ने वहां मौजूद महिला श्रद्धालुओं और स्थानीय महिलाओं के साथ बदसलूकी और अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया। पवित्र धार्मिक स्थल पर इस तरह की घिनौनी हरकत देखकर वहां मौजूद लोग सन्न रह गए।

तीर्थ पुरोहितों और दुकानदारों ने सिखाया सबक

युवकों को मर्यादा तार-तार करते देख वहां मौजूद तीर्थ पुरोहितों ने हिम्मत दिखाई और उन्हें तुरंत ऐसा करने से रोका। जब आरोपी युवक उनसे भी उलझने लगे, तो पुरोहितों ने बिना समय गंवाए इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।

Ganga Dussehra 2026: ‘हर-हर गंगे’ के उद्घोष से गूंजी देवभूमि, गंगोत्री धाम से हरिद्वार तक उमड़ा आस्था का सैलाब

पुलिस टीम को अपनी तरफ आता देख हुड़दंग मचा रहे युवक मौके से भागने का प्रयास करने लगे। लेकिन स्थानीय दुकानदारों और पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए चारों तरफ से घेराबंदी की और भाग रहे चार आरोपियों को रंगे हाथों दबोच लिया।

उत्तर प्रदेश के बागपत के रहने वाले हैं आरोपी

पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान राजीव, विपिन, कपिल शर्मा और विकास के रूप में हुई है। ये सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद के नूरपुर खालसा के निवासी बताए जा रहे हैं, जो हरिद्वार घूमने आए थे। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने नशे में होने की बात स्वीकार की है। पवित्र पावन नगरी में इस तरह का उपद्रव करने पर स्थानीय व्यापार मंडल ने भी कड़ी आपत्ति जताई है।

हरिद्वार से अस्थियां लेकर लौटते परिवार पर आफत: रामपुर सड़क हादसे में दो की मौत, कई घायल

सीओ सिटी बोले- मर्यादा भंग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए हरिद्वार के सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि तीर्थ स्थल की पवित्रता और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं के तहत सख्त चालान किया है।

उन्होंने साफ चेतावनी दी कि भविष्य में भी यदि कोई यात्री या स्थानीय व्यक्ति घाटों पर नशा कर हुड़दंग मचाएगा या महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करेगा, तो उसके खिलाफ इससे भी कठोर दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Location :  Haridwar

Published :  27 May 2026, 4:16 PM IST