हल्द्वानी के होटल में युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी, बाथरूम में इस हालत में मिली लाश कि उड़ गए होश

हल्द्वानी के होटल नंदी में नग्न अवस्था में मिले युवक की संदिग्ध मौत का मामला और उलझ गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, पुलिस कॉल रिकॉर्ड और सीसीटीवी की जांच में जुटी। मृतक के हल्द्वानी आने के कारणों पर रहस्य बरकरार है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 24 May 2026, 4:00 PM IST

Haldwani: हल्द्वानी के होटल नंदी में नग्न अवस्था में युवक का शव मिलने की घटना का मामला एक दिन बाद और उलझ गया है। शुक्रवार की रात अचानक चीखें सुनाई देने के बाद जिस तरह 30 वर्षीय लाल साहब पटेल बाथरूम के फर्श पर मृत मिले थे, उसी घटनाक्रम की अब गहराई से जांच की जा रही है। कमरे में फैली उल्टी, बाथरूम की हालत और युवक का निर्वस्त्र पाया जाना, इन सभी ने पुलिस को कई दिशा में सोचने पर मजबूर कर दिया है। सील किए गए कमरे की बारीकी से जांच के साथ अब पुलिस तकनीकी साक्ष्यों पर निर्भर है।

यह है पूरा मामला 

मामले का सबसे अहम हिस्सा यह है कि लाल साहब शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे होटल पहुंचे थे और उस समय बिल्कुल सामान्य अवस्था में दिख रहे थे। न तो उनके बातचीत के ढंग में कोई परेशानी नज़र आई और न ही किसी तरह का तनाव। लेकिन रात करीब आठ बजकर तीस मिनट पर कमरे से निकली चीखों ने पूरी घटना का रुख बदल दिया। होटल स्टाफ के बार-बार आवाज देने के बावजूद जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो मास्टर की से दरवाजा खोला गया और युवक मृत पड़ा मिला। कमरे की हालत देखकर होटल कर्मचारी भी हैरान रह गए थे।

मोबाइल फोन से कई नई जानकारियां मिली

पुलिस के हाथ अब मोबाइल फोन से कई नई जानकारियाँ लगी हैं। फोन में मिले कॉल रिकॉर्ड्स में कुछ ऐसे नंबर सामने आए हैं, जिनसे वह हल्द्वानी आने से पहले और यहां पहुंचने के बाद संपर्क में था। इन्हीं कॉल्स को पुलिस ध्यान से जांच रही है, ताकि पता चल सके कि वह अचानक दिल्ली से हल्द्वानी क्यों आया। यह सवाल इसलिए भी बड़ा है क्योंकि परिवार ने साफ बताया है कि उसने घर पर हल्द्वानी जाने की कोई जानकारी नहीं दी थी।
लाल साहब की निजी जिंदगी भी इस जांच का अहम हिस्सा बन गई है। 2020 में उसकी शादी हुई थी, लेकिन एक साल के भीतर तलाक हो गया।

सैकड़ों किलोमीटर दूर हल्द्वानी कैसे पहुंच गया?

उसका एक बच्चा भी है। वह पहले सूरत में टेलरिंग करता था और कुछ समय से दिल्ली में काम कर रहा था। हाल ही में दिल्ली की एक युवती से नज़दीकियां बढ़ी थीं और परिवार इस रिश्ते को स्वीकार भी कर चुका था। परिवार यह बात समझ नहीं पा रहा है कि जो व्यक्ति एक नई शादी की तैयारी कर रहा था, वह अचानक बिना किसी जानकारी के सैकड़ों किलोमीटर दूर हल्द्वानी कैसे पहुंच गया।

मृतक के कमरे से पुलिस को कुछ ऐसी वस्तुएं भी मिली हैं, जिनके बारे में जांच टीम अभी खुलासा नहीं करना चाहती। अधिकारियों के मुताबिक, शरीर पर किसी बाहरी चोट का निशान नहीं है, लेकिन जिस तरह वह बाथरूम में नग्न अवस्था में गिरा मिला और उल्टी चारों ओर फैली थी, वह मौत को सामान्य नहीं मानने के पर्याप्त संकेत देता है।

Big Breaking: उत्तराखंड से बड़ी खबर, बद्रीनाथ धाम के पास कंचन गंगा क्षेत्र में टूटा बड़ा ग्लेशियर

सीओ सिटी अमित कुमार के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट इस मामले की दिशा तय करने में सबसे अहम होगी। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है कि होटल पहुंचने के बाद उसके कमरे के आसपास कोई गतिविधि दर्ज हुई थी या नहीं। साथ ही कॉल डिटेल्स यह बताएंगी कि उसे यहां किसने बुलाया या क्या वह किसी मुलाकात के उद्देश्य से आया था।

एक दिन बीत जाने के बाद भी यह रहस्य जस का तस है कि लाल साहब के आखिरी घंटे किस तरह गुज़रे और होटल के बाथरूम में ऐसा क्या हुआ कि उसकी मौत इस तरह संदिग्ध परिस्थितियों में हो गई।

Location :  नैनीताल

Published :  24 May 2026, 4:00 PM IST