हल्द्वानी में भीषण अग्निकांड: रामपुर रोड स्थित अमेजन स्टोर में लगी आग, दो कर्मचारियों की जलकर दर्दनाक मौत

हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित अमेजन स्टोर में शुक्रवार देर रात भीषण आग लग गई। हादसे के वक्त स्टोर के अंदर सो रहे दो कर्मचारियों की जलकर और दम घुटने से मौत हो गई। अग्निकांड में वाहन और स्टोर का सारा सामान जलकर राख हो गया है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 6 June 2026, 10:03 AM IST
google-preferred

Haldwani: उत्तराखंड के हल्द्वानी से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ रामपुर रोड पर स्थित प्रसिद्ध ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन (Amazon) के एक स्टोर में शुक्रवार देर रात भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड के दौरान स्टोर के भीतर मौजूद दो कर्मचारियों की आग की चपेट में आने और दम घुटने के कारण मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही देर रात तक मौके पर दमकल की कई गाड़ियां और पुलिस फोर्स राहत व बचाव कार्य के लिए तैनात रही।

ब्लिंकिट स्टोर के कर्मचारियों ने दी सूचना

मिली जानकारी के मुताबिक, रामपुर रोड पर जीतपुर नेगी क्षेत्र में अमेजन का यह स्टोर संचालित है। शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे स्टोर के भीतर से अचानक आग की लपटें और धुंआ निकलने लगा। देखते ही देखते आग ने बेहद विकराल रूप धारण कर लिया। अमेजन स्टोर के पास में ही स्थित ब्लिंकिट (Blinkit) स्टोर के कर्मचारियों ने जब इस तबाही को देखा, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही दमकल कर्मियों के साथ एसपी सिटी मनोज कत्याल भारी पुलिस बल के साथ फौरन मौके पर पहुंचे। चूंकि स्टोर का मुख्य शटर बंद था, इसलिए टीम ने किसी तरह शटर को तोड़कर भीतर प्रवेश किया और आग बुझाने का काम शुरू किया। हालांकि, जब तक आग पर पूरी तरह काबू पाया जाता, तब तक पूरा स्टोर जलकर राख हो चुका था।

Fire Accident: हल्द्वानी में वाइन शॉप में लगी भीषण आग, करोड़ों का नुकसान; दमकल ने घंटों बाद पाया काबू

सो रहे दो युवकों की मौत, परिजनों को बुलाया गया

हादसे के समय स्टोर पूरी तरह बंद था और उसके भीतर दो कर्मचारी सो रहे थे। आग लगने के बाद चारों तरफ फैले जहरीले धुएं से दम घुटने और गंभीर रूप से झुलसने के कारण दोनों की जान चली गई। मृतकों की पहचान गौलापार के रहने वाले नरेंद्र और पंचायतघर निवासी अमित के रूप में की जा रही है। पुलिस ने घटना की जानकारी तुरंत मृतकों के परिजनों को दी और उन्हें शिनाख्त के लिए मौके पर बुलाया। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल (STH) भेज दिया गया है।

हल्द्वानी के होटल में युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी, बाथरूम में इस हालत में मिली लाश कि उड़ गए होश

टेंपो, स्कूटी समेत लाखों का सामान जलकर खाक

इस भयंकर अग्निकांड में अमेजन स्टोर के भीतर रखा ग्राहकों का सारा कीमती सामान जलकर पूरी तरह स्वाहा हो गया। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त स्टोर के अंदर चार्जिंग में लगी एक इलेक्ट्रिक स्कूटी और वहां खड़ा डिलीवरी टेंपो भी आग की चपेट में आने से पूरी तरह जल गए। प्राथमिक अनुमान के अनुसार, आग लगने की वजह चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट हो सकती है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आग पर काबू पा लिया गया है और दो मौतों की पुष्टि हुई है। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की गहन जांच की जा रही है।

Location :  Haldwani

Published :  6 June 2026, 10:03 AM IST

Advertisement