मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही: चकराता की पहाड़ियों में बर्फबारी, विकास नगर में झमाझम बारिश से बढ़ी ठंड

देहरादून जनपद में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। चकराता की ऊँची पहाड़ियों में बर्फबारी शुरू हो गई है, जबकि विकास नगर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है। बारिश और बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है, जिससे किसानों और पर्यटन कारोबारियों में खुशी है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 23 January 2026, 11:38 AM IST

Dehradun: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून जनपद के विकास नगर और आसपास के क्षेत्रों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। जहां एक ओर विकास नगर क्षेत्र में देर रात से लगातार बारिश का दौर जारी है, वहीं ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्र चकराता में बर्फबारी शुरू हो गई है। मौसम में आए इस बदलाव से पूरे पछवादून क्षेत्र में ठंड बढ़ गई है।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान हुआ सही

मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा 23 जनवरी को उत्तराखंड में बारिश और ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का पूर्वानुमान जारी किया गया था। शुक्रवार सुबह से ही यह पूर्वानुमान सटीक साबित होता दिखाई दे रहा है। विकास नगर क्षेत्र में सुबह से बारिश हो रही है, जबकि चकराता और लोखंडी जैसे ऊँचाई वाले इलाकों में बर्फबारी शुरू हो चुकी है।

तेज़ तूफान के साथ झमाझम बारिश

रात से ही क्षेत्र में बारिश का सिलसिला लगातार बना हुआ है। कई इलाकों में तेज़ हवाओं और तूफान के साथ झमाझम बारिश दर्ज की गई है। पछवादून के ऊँचाई वाले क्षेत्रों में मौसम पूरी तरह बदल चुका है, जिससे सामान्य जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है।

नैनीताल में आखिर क्यों नहीं हो रही बर्फबारी, वैज्ञानिकों ने बताई वजह

लोखंडी और चकराता में बर्फबारी

चकराता, लोखंडी और आसपास के ऊँचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी शुरू होने से सर्दी और बढ़ गई है। बर्फ गिरने से पहाड़ों ने सफेद चादर ओढ़ ली है, जिससे क्षेत्र का नज़ारा बेहद खूबसूरत हो गया है। हालांकि, बर्फबारी के चलते ठंड और फिसलन भी बढ़ गई है।

बागवानों और पर्यटन कारोबारियों में खुशी

लंबे समय से बारिश और बर्फबारी का इंतजार कर रहे बागवानों, किसानों और होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों के चेहरे खिल उठे हैं। बारिश से जहां किसानों को फसलों के लिए लाभ मिलने की उम्मीद है, वहीं बर्फबारी से पर्यटन गतिविधियों में भी तेजी आने की संभावना है।

इस सर्दी की पहली अच्छी बारिश

इस साल की सर्दी में यह पहली व्यापक और अच्छी बारिश मानी जा रही है। देर रात से चकराता, कालसी, विकास नगर और सहसपुर क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है, जिससे मौसम ठंडा हो गया है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

पछवादून में बारिश

Weather Update: पहाड़ों में लगातार बर्फबारी, बर्फीली हवाओं से उत्तर भारत में ठिठुरन बढ़ेगी; दिल्ली से यूपी तक ठंड का अलर्ट

तापमान में गिरावट, बढ़ी ठंड

बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है, जिससे ठंड का एहसास और बढ़ गया है। ऊँचाई वाले इलाकों में ठंडी हवाओं के साथ सर्दी ने अपनी मौजूदगी दर्ज करानी शुरू कर दी है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले समय में ठंड और बढ़ सकती है।

Location : 
  • Dehradun

Published : 
  • 23 January 2026, 11:38 AM IST