हिंदी
विकासनगर में शनिवार को जन संघर्ष मोर्चा ने राज्य में बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर धरना प्रदर्शन कर नारेबाजी की। इस दौरान मोर्चा ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत की बर्खास्तगी को लेकर मुख्यमंत्री को संबंधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी, विकासनगर विनोद कुमार को सौंपा।
विकासनगर में जन संघर्ष मोर्चा ने मांगा स्वास्थ्य मंत्री का इस्तीफा
Dehradun: विकासनगर में शनिवार को जन संघर्ष मोर्चा ने राज्य में बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर धरना प्रदर्शन किया और सूबे के स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग की। प्रदेश में नाकाम हो चुकी स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर मोर्चा ने हुंकार भरी।
जानकारी के अनुसार विकासनगर में जन संघर्ष मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में प्रदेश की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर हुंकार भरी। जन संघर्ष मोर्चा ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत की बर्खास्तगी को लेकर मुख्यमंत्री को संबंधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी, विकासनगर विनोद कुमार को सौंपा।
बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर जन संघर्ष मोर्चा का प्रदर्शन
मोर्चा अध्यक्ष नेगी ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के गैर जिम्मेदाराना रवैये एवं अधिकारियों पर नियंत्रण न होने के कारण अस्पतालों में लूट-खसोट मची है। आपात स्थिति में इलाज नहीं मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि रेफरल सिस्टम, गर्भवती माताओं को इलाज न मिलने से हो रही मौत, खराब मशीनें, स्टाफ की कमी, दुर्गम क्षेत्रों में चिकित्सकों की तैनाती न होने समेत तमाम समस्याओं को लेकर जिस तरह से हाल ही में हाईकोर्ट ने जवाब तलब किया उससे स्पष्ट हो गया है कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं ध्वस्त हो चुकी हैं।
रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि नैतिकता के आधार पर स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत को पद से इस्तीफा दे देना चाहिए| नेगी ने कहा कि विगत कुछ माह से, जिस प्रकार स्वास्थ्य सेवाएं चरमराई हुई हैं तथा विभागीय मंत्री का अस्पतालों पर कोई नियंत्रण न होना, सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों द्वारा की जा रही लूट-खसोट, आयुषमान के मरीजों से बीमारी के नाम पर अतिरिक्त पैसे वसूलने, फर्जी बिल, आपात स्थिति में बाह्य मरीजों को आईसीयू/ वेंटिलेटर की सुविधा न मिलने आदि तमाम अव्यवस्थाओं ने स्वास्थ्य मंत्री की कार्यशैली पर प्रश्न चिन्ह लगा दिया है|
कुछ माह से गंभीर रूप से बीमार मरीजों को इलाज न मिलने के कारण मौतों में भी काफी इजाफा हुआ है | स्वास्थ्य मंत्री की मौज मस्ती एवं ढीली पकड़ के कारण कोर्ट लगातार अधिकारियों को इन अव्यवस्थाओं को लेकर तलब पर तलब किये जा रहा है|
उन्होंने कहा कि यही हाल सभी विभागों का है, जो धन सिंह रावत के पास हैं। मोर्चा ने सरकार से मांग की है कि ऐसे विफल व गैर जिम्मेदार स्वास्थ्य मंत्री को मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर बाहर का रास्ता दिखाएं |