
रानीपोखरी स्थित आवास पर हुआ दर्दनाक हादसा (Img- Internet)
Dehradun: उत्तराखंड के देहरादून से एक बेहद चौंकाने वाली और दुखद घटना सामने आई है। देहरादून एयरपोर्ट के स्टेट गेस्ट हाउस में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस हेड कांस्टेबल की उनके निजी आवास पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
यह घटना सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे की है, जब हेड कांस्टेबल के सरकारी हथियार (कार्बाइन) से अचानक अंधाधुंध गोलियां चल गईं। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में परिजन व स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे।
मृतक पुलिसकर्मी की पहचान 49 वर्षीय हेड कांस्टेबल सुनील के रूप में हुई है, जो देहरादून के नागाघेर, रानीपोखरी क्षेत्र में रहते थे। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त सुनील अपने घर के बरामदे में ही मौजूद थे और उनके पास उनकी सर्विस कार्बाइन थी।
इसी दौरान अचानक कार्बाइन से फायरिंग शुरू हो गई। गंभीर रूप से लहुलुहान सुनील को तुरंत नजदीकी हिमालयन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
Dehradun News: थाली में खाना और बैग में चाकू; देहरादून में शादी का कार्ड देने आए दोस्त की खूनी साजिश
रानीपोखरी के थाना प्रभारी (थानाध्यक्ष) राजेंद्र खोलिया ने घटना के संबंध में बताया कि शुरुआती जांच और शव के मुआयने में यह सामने आया है कि हेड कांस्टेबल सुनील को उनकी ही सर्विस कार्बाइन से कुल 11 गोलियां लगी हैं।
इतनी बड़ी संख्या में गोलियां चलना कई तरह के गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद उसे पोस्टमार्टम (पीएम) के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
रामनगर–देहरादून एक्सप्रेस को मिली हरी झंडी, सप्ताह में इतने दिन चलेगी, देखिए समय सारिणी
इस संवेदनशील मामले को लेकर पुलिस के उच्च अधिकारी भी मुस्तैद हो गए हैं। एसपी देहात (देहरादून) जया बलोनी ने बताया कि घटना की हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह एक दर्दनाक हादसा (मिसफायरिंग) था, आत्महत्या थी या फिर इसके पीछे कोई अन्य संदिग्ध वजह है। घटना के बाद से मृतक हेड कांस्टेबल के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पुलिस विभाग के अधिकारी भी उनके परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे हैं।
Location : Dehradun
Published : 26 May 2026, 11:21 AM IST