देहरादून में उत्तराखंड और हरियाणा के मुख्यमंत्रियों की भेंट, क्षेत्रीय सहयोग और सांस्कृतिक आदान-प्रदान पर हुई चर्चा

देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मुलाकात सौहार्द, सहयोग और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को नई दिशा देने वाली रही। दोनों नेताओं ने पर्यटन, रोजगार और निवेश जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 21 July 2025, 3:25 PM IST
google-preferred

Dehradun: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास आज एक विशेष अवसर का साक्षी बना, जब प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का भव्य स्वागत कर आपसी सौहार्द और सहयोग की नई मिसाल पेश की। दोनों मुख्यमंत्रियों की यह मुलाकात न केवल राज्यों के बीच संबंधों को प्रगाढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, बल्कि क्षेत्रीय विकास और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी नया आयाम देने वाली साबित होगी।

चार धाम प्रसाद भेंट
मुख्यमंत्री धामी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को उत्तराखंड की संस्कृति और आस्था की झलक स्वरूप चार धाम प्रसाद भेंट किया। इसके साथ ही उन्होंने हाउस ऑफ हिमालय के तहत उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों की टोकरी भी भेंट की, जिसमें उत्तराखंड के पर्वतीय अंचलों की विशिष्ट जड़ी-बूटियां, हस्तशिल्प और स्थानीय किसानों द्वारा उत्पादित जैविक सामग्री शामिल थी।

सीएम धामी ने कही ये बड़ी बात
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड और हरियाणा के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंध रहे हैं, जिन्हें और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में दोनों राज्यों के बीच पर्यटन, आपदा प्रबंधन, कृषि और औद्योगिक निवेश जैसे विषयों पर भी सहयोग को और विस्तृत किया जाएगा। मुख्यमंत्री धामी ने हरियाणा सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि दोनों राज्यों के साझा अनुभवों से विकास की नई दिशा तैयार की जा सकती है।

सैनी ने किया राज्य सरकार का आभार व्यक्त
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उत्तराखंड सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देवभूमि में जिस आत्मीयता से उनका स्वागत हुआ है, वह अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार भी उत्तराखंड से सीख लेकर अपने राज्य में पर्वतीय क्षेत्रों की संस्कृति और प्राकृतिक संपदा के संरक्षण हेतु योजनाएं बना रही है।

दोनों मुख्यमंत्रियों ने इन विषयों पर की चर्चा
मुलाकात के दौरान दोनों मुख्यमंत्रियों ने राज्यों के युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने, आपसी निवेश को बढ़ावा देने और धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहित करने जैसे विषयों पर भी गंभीर चर्चा की। माना जा रहा है कि इस बैठक से उत्तराखंड और हरियाणा के बीच नए सहयोग की आधारशिला रखी गई है, जिससे दोनों राज्यों के विकास को गति मिलेगी।

दोनों राज्यों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे
मुख्यमंत्री आवास में आयोजित इस समारोह में राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी और दोनों राज्यों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर ने स्पष्ट कर दिया कि देवभूमि उत्तराखंड सौहार्द और सहयोग के नए अध्याय लिखने को तैयार है।

Location : 

Published :