भीमताल में निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा, मलबे में दबकर महिला समेत दो की मौत, एक घायल

उत्तराखंड के भीमताल स्थित मेहरा गांव में निर्माण कार्य के दौरान अचानक मलबा गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में एक महिला समेत दो श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हैं।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 23 October 2026, 3:18 PM IST

Nainital: भीमताल के मेहरा गांव में रिटेनिंग वॉल निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। दीवार का बेस तैयार करते समय अचानक ऊपर से मलबा गिरने से दो श्रमिक उसकी चपेट में आ गए। हादसे में एक महिला समेत दो श्रमिकों की दबकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य श्रमिक घायल हो गया।

यह घटना 22 अक्टूबर की दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है।

पुलिस ने शुरू किया बचाव कार्य

पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना डायल 112 के माध्यम से थाना भीमताल को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के बाद घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर एक झोपड़ी में दोनों मृतकों के शव मिले। इस दौरान मौके पर स्थानीय लोगों और मृतकों के परिजनों की भीड़ जुटी रही।

ये भी पढ़ें- वायरल सांप्रदायिक वीडियो पर पुलिस का एक्शन! पीलीभीत में केस दर्ज, आरोपी हिरासत में

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, श्रमिक रिटेनिंग वॉल के निर्माण कार्य में लगे हुए थे। इसी दौरान दीवार का बेस तैयार करते समय अचानक ऊपर से मलबा गिर गया, जिसकी चपेट में आने से दो श्रमिक दब गए। हादसे में गौरी देवी (38) पत्नी महेंद्र और हरीश थापा (18) की मौत हो गई। वहीं, नेत्र बहादुर उर्फ संजू घायल हो गया। घायल श्रमिक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भीमताल भेजा गया।

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी

घटना की जानकारी मिलने पर एसपी अपराध एवं यातायात डॉ. जगदीश चंद्र, क्षेत्राधिकारी भवाली अंजना नेगी और भीमताल कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र कुमार समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए गए।

ये भी पढ़ें- मां के गुनाह की सजा मासूमों को नहीं! कवयित्री अनामिका जैन और पति ने उठाया बच्चों की परवरिश का जिम्मा

पुलिस के मुताबिक, तीनों श्रमिक मूल रूप से नेपाल के राजापुर के निवासी बताए गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। निर्माण कार्य से संबंधित मालिक और ठेकेदार के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Nainital

Published :  23 October 2026, 3:18 PM IST