गाजियाबाद में यूट्यूबर सलीम पर हमला: खून से सने कपड़ों में भागते दिखे आरोपी, वीडियो आया सामने

गाजियाबाद के अशोक विहार स्थित अली गार्डन कॉलोनी में यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हुए जानलेवा हमले का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। वीडियो में आरोपी हेलमेट पहनकर चाकू और कांच की टेबल के पाए से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने कई वीडियो को जांच में शामिल कर लिया है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 6 March 2026, 6:21 AM IST

Ghaziabad: लोनी इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां अशोक विहार स्थित अली गार्डन कॉलोनी में यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हुए जानलेवा हमले का वीडियो अब सामने आ गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज में दो आरोपी बेहद बेरहमी से सलीम पर हमला करते नजर आ रहे हैं।

CCTV में कैद हुई पूरी घटना

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक घटना से जुड़े तीन अलग-अलग वीडियो सामने आए हैं। जिन्हें जांच में अहम साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया है। एक वीडियो में दोनों आरोपी वारदात के बाद खून से सने कपड़ों में बाइक से जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। दूसरे वीडियो में सलीम अपने कार्यालय के अंदर खून से लथपथ हालत में पड़े दिखाई देते हैं जबकि बाहर मौजूद लोग मोबाइल से वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं।

गाजियाबाद में घरेलू विवाद हुआ खौफनाक हत्याकांड, पत्नी की मौत और बेटी गंभीर रूप से घायल, जानें पूरा मामला

सबसे अहम वीडियो सलीम के ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरे का है। जिसमें पूरी वारदात साफ दिखाई देती है। फुटेज में देखा जा सकता है कि सलीम अपने ऑफिस के अंदर सोफे पर आराम कर रहे थे। तभी हेलमेट पहने दो लोग कांच का गेट खोलकर अंदर आते हैं। उन्हें देखकर सलीम उठकर बैठ जाते हैं और उनसे बात करने की कोशिश करते हैं।

अचानक शुरू हुआ हमला

वीडियो में सुनाई देने वाली ऑडियो के अनुसार सलीम यह समझने की कोशिश कर रहे थे कि सामने खड़े लोग कौन हैं। इसी दौरान दोनों आरोपियों ने अपने पास छिपाकर रखे चाकू निकाल लिए और अचानक ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। हमलावरों ने केवल चाकू से ही नहीं बल्कि ऑफिस में रखी कांच की टेबल का पाया उठाकर भी सलीम पर वार किए। इतना ही नहीं, बाद में टेबल का कांच तोड़कर उससे भी उनके पेट और कमर पर हमला किया गया।

करीब पांच मिनट तक चलता रहा हमला

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार दोनों आरोपी करीब पांच मिनट तक लगातार सलीम पर हमला करते रहे। इस दौरान सलीम मदद के लिए चीखते रहे लेकिन किसी ने भी उनकी मदद के लिए आगे आने की हिम्मत नहीं दिखाई। आखिरकार आरोपी सलीम को मरा हुआ समझकर वहां से भाग निकले।

पुलिस जांच में जुटी

लोनी के एसीपी सिद्धार्थ गौतम के अनुसार घटना में इस्तेमाल की गई बाइक जीशान के एक रिश्तेदार के नाम पर दर्ज थी। जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। वहीं मुठभेड़ के दौरान जीशान जिस बाइक से मिला था। वह चोरी की निकली। पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि वह बाइक कहां से चोरी हुई थी और उसका असली मालिक कौन है।

गाजियाबाद में यूट्यूबर सलीम पर हमला करने वाला आरोपी जीशान एनकाउंटर में ढेर, दफ्तर में घुसकर किया था ताबड़तोड़ हमला

वहीं पुलिस ने फॉरेंसिक रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, गवाहों के बयान और आरोपी के मोबाइल से मिले सबूतों को भी जांच में शामिल किया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जल्द ही इस मामले में अंतिम रिपोर्ट अदालत में पेश की जाएगी।

Location : 
  • Ghaziabad

Published : 
  • 6 March 2026, 6:21 AM IST