गोरखपुर में 18 दिन पहले हुई थी सगाई, गुजरात से आई एक कॉल… अब गांव पहुंचा बेटे का शव

गोरखपुर के गगहा थाना क्षेत्र के गजपुर गांव निवासी 25 साल अभिषेक त्रिपाठी की गुजरात में चलती ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। अभिषेक एक निजी कंपनी में प्रोसेस इंजीनियर था। कुछ दिन पहले ही उसकी सगाई हुई थी और अगले साल शादी तय थी। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Gorakhpur : गगहा थाना क्षेत्र के गजपुर गांव में उस वक्त मातम पसर गया, जब गुजरात से आई एक दर्दनाक खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। गांव निवासी 25 वर्षीय अभिषेक त्रिपाठी की चलती ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। इकलौते बेटे की असमय मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

गुजरात में करता था नौकरी

परिजनों के मुताबिक, अभिषेक त्रिपाठी गुजरात की एक निजी कंपनी में प्रोसेस इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। बताया गया कि 2 मई को वह भरूच स्टेशन से ट्रेन के जरिए कहीं जा रहा था। इसी दौरान पालेज स्टेशन के पास अचानक वह चलती ट्रेन से गिर गया।

घटना के बाद काफी देर तक परिवार को हादसे की जानकारी नहीं मिल सकी। परिजन लगातार अभिषेक के मोबाइल पर फोन करते रहे, लेकिन फोन बंद आ रहा था। दरअसल दुर्घटना में मोबाइल क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके कारण संपर्क नहीं हो पा रहा था।

गोरखपुर में हत्या कांड का दूसरा आरोपी गिरफ्तार, धारदार हथियार से हुई थी महिला की हत्या

एक फोन कॉल ने बदल दी जिंदगी

परिवार की बेचैनी लगातार बढ़ती जा रही थी। इसी बीच एक पुलिसकर्मी ने अभिषेक के मोबाइल से सिम कार्ड निकालकर अपने फोन में लगाया। उसी दौरान पिता संतोष त्रिपाठी का कॉल आया। पुलिसकर्मी ने जैसे ही बेटे की मौत की जानकारी दी, परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

सूचना मिलते ही पिता तुरंत गुजरात के लिए रवाना हो गए। पालेज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।

गांव पहुंचा शव तो मचा कोहराम

जब अभिषेक का शव गांव पहुंचा तो माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। मां बेटे के शव से लिपटकर बिलखती रही। परिजनों और ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं। बुधवार को बड़हलगंज स्थित मुक्ति पथ पर युवक का अंतिम संस्कार किया गया, जहां पिता ने नम आंखों से अपने इकलौते बेटे को मुखाग्नि दी।

शादी की खुशियां मातम में बदलीं

परिजनों ने बताया कि अभिषेक अपनी मां से दिन में दो बार जरूर बात करता था। घटना वाले दिन उसका फोन न आने पर मां को अनहोनी की आशंका होने लगी थी। परिवार ने बताया कि 18 अप्रैल को ही उसकी सगाई हुई थी और अगले साल फरवरी में शादी तय थी। लेकिन शादी की तैयारियों से पहले ही परिवार की खुशियां एक हादसे में उजड़ गईं।

Location :  Gorakhpur

Published :  8 May 2026, 6:40 AM IST