बदायूं में पुलिस कस्टडी में युवक की मौत से हड़कंप, थाने के अंदर आखिर क्या हुआ था?

बदायूं के दातागंज थाना क्षेत्र में पुलिस कस्टडी में 28 वर्षीय युवक राजेश की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि युवक की मौत थाने में ही हो गई थी।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 28 August 2026, 8:24 PM IST
google-preferred

Budaun : जिले के दातागंज थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस कस्टडी में 28 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। मृतक के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि युवक की मौत थाने में ही हो गई थी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। मृतक की पहचान राजेश (28) पुत्र शहजादे, निवासी ग्राम अटसेना, थाना दातागंज के रूप में हुई है।

क्या है पूरा मामला

ग्रामीणों के मुताबिक, गुरुवार शाम अटसेना गांव में भंडारे का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान शराब के नशे में दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। मारपीट में दोनों पक्षों के कुछ लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।

 

सूचना मिलने पर दातागंज पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के कुछ लोगों को पूछताछ के लिए थाने ले आई, जिसमें राजेश भी शामिल था। परिजनों का आरोप है कि पुलिस राजेश को शाम से ही थाने में बैठाए हुए थी। देर रात उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई।

पुलिस ने बताया अस्पताल में हुई मौत

पुलिस का कहना है कि थाने में राजेश की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), दातागंज ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

मृतक के परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि राजेश की मौत थाने में ही हो चुकी थी, इसके बाद पुलिस उसे अस्पताल ले जाने की बात कह रही है। सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किए जाने के बाद परिवार के किसी सदस्य को उसके साथ जाने नहीं दिया गया।

बदायूं में डायनामाइट न्यूज़ की खबर का बड़ा असर, सीकरी गांव में पहुंची प्रशासन की टीम, जानिए फिर क्या हुआ

गांव में लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार चल रहा है। जिसकी शिकायत कई बार पुलिस से की गई। कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। परिजनों का आरोप है कि इसी अवैध शराब के कारण विवाद हुआ था।

सीसीटीवी फुटेज से खुलेगा राज

इस पूरे मामले में दातागंज थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को अहम सबूत माना जा रहा है। फुटेज से यह स्पष्ट हो सकेगा कि राजेश को थाने कब लाया गया, उसकी हालत कब बिगड़ी और पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाने में कितना समय लगाया।

फिलहाल इस मामले में वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में मजिस्ट्रेटी जांच की बात कही जा रही है।

Location :  Budaun

Published :  28 August 2026, 7:38 PM IST

Related News

Advertisement