कथा में नहीं जाने पर पीटा और कराई उठक-बैठक, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

औरैया के फफूंद में बौद्ध कथा में शामिल न होने पर एक व्यक्ति से मारपीट और Ambedkar प्रतिमा के सामने माफी मंगवाने का वीडियो वायरल, पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 16 April 2026, 8:05 PM IST

Auraiya: औरैया के फफूंद इलाके में कथा में शामिल न होने पर एक व्यक्ति के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। उससे भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के सामने उठक-बैठक कराई गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही मामला तूल पकड़ गया। गांव में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

कथा में न जाने पर घर से उठाकर ले जाने का आरोप

मामला फफूंद थाना क्षेत्र के द्वारकापुर गांव का है, जहां 6 अप्रैल से 13 अप्रैल तक कथा का आयोजन किया गया था। आरोप है कि एक समाज के कुछ लोग कथा में शामिल नहीं हुए, जिससे नाराज दूसरे समाज के लोग गुरुवार सुबह एक व्यक्ति को उसके घर से उठाकर पड़ोस के गांव काजीपुर ले गए। वहां अंबेडकर पार्क में लगी प्रतिमा के सामने उसके साथ मारपीट कीऔर जबरन माफी मंगवाई ।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, प्रशासन अलर्ट

घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आ गया। मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक अलोक मिश्रा, सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह सहित कई थानों की पुलिस फोर्स पहुंची और गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल भी तैनात किया।

चार आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी

पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दोनों पक्षों ने की शिकायत

दोनों पक्षों ने थाने में शिकायत की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर जांच जारी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें।

Location :  Auraiya

Published :  16 April 2026, 8:05 PM IST