हिंदी
100 फीट ऊंची टंकी पर चढ़ी युवती
Gorakhpur: गोरखपुर के गीडा थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक 22 वर्षीय युवती प्रेमी से शादी की जिद में 100 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गई। “शादी कराओ, नहीं तो कूद जाऊंगी” युवती की इस चेतावनी ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे ने हर किसी को सांसें थामने पर मजबूर कर दिया।
यह घटना मल्हीपुर गांव की है, जहां बुधवार दोपहर करीब 2 बजे युवती अचानक घर से निकलकर गांव से लगभग 500 मीटर दूर स्थित जलकल विभाग की ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गई। राहगीरों ने जब उसे देखा और नीचे उतरने को कहा, तो उसने कूदने की धमकी दे दी। यह सुनते ही लोगों के होश उड़ गए और कुछ ही देर में मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
Gorakpur: ईंट खरीदने के बहाने ड्राइवर को ठगा और ले उड़े ट्राली, जानें गोरखपुर पुलिस ने कैसे दबोचा
टंकी के ऊपर खड़ी युवती बार-बार एक ही बात दोहराती रही। उसे अपने बॉयफ्रेंड से शादी करनी है। उसका कहना था कि खजनी क्षेत्र के एक युवक से उसका पिछले दो साल से प्रेम संबंध है, लेकिन परिवार ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी है। इसी बात से नाराज होकर उसने यह खतरनाक कदम उठाया।
घटना के दौरान कई लोग मोबाइल से वीडियो बनाने लगे, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सबसे पहले भीड़ को हटाया और लोगों से वीडियो न बनाने की अपील की। कई लोगों के मोबाइल से वीडियो डिलीट भी करवाए गए, ताकि मामला और न बढ़े।
पुलिसकर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे तक युवती को समझाने की कोशिश की। लगातार बातचीत, भरोसा दिलाने और धैर्य के साथ किए गए प्रयासों के बाद आखिरकार युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
फिलहाल महिला पुलिस की मौजूदगी में युवती की काउंसलिंग की जा रही है। पुलिस और परिजन मिलकर मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने का प्रयास कर रहे हैं।
Location : Gorakhpur
Published : 15 April 2026, 6:42 PM IST