मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को नोएडा के सेक्टर-29 में एक शादी समारोह में शामिल होंगे। युवराज मौत मामले के बाद यह उनका पहला दौरा है। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और SIT रिपोर्ट पर सबकी नजर है।

सीएम योगी आदित्यनाथ (Img: Google)
Noida: नोएडा में बृहस्पतिवार को हलचल तेज रहने वाली है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शहर पहुंचने वाले हैं। सेक्टर-29 में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए उनका कार्यक्रम तय है, लेकिन इस दौरे को सिर्फ एक निजी कार्यक्रम मानकर नहीं देखा जा रहा। युवराज मौत मामले के बाद यह उनका पहला नोएडा दौरा है, इसलिए सभी की नजरें इस यात्रा पर टिकी हैं।
हेलिपैड से एंट्री, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। सेक्टर-38 ए में अस्थायी हेलिपैड तैयार किया गया है। यहीं से सड़क मार्ग के जरिए सीएम का काफिला सेक्टर-29 पहुंचेगा। अनुमान है कि दोपहर दो से तीन बजे के बीच मुख्यमंत्री नोएडा पहुंच सकते हैं। पूरे रूट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव की तैयारी है। प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं ताकि किसी तरह की चूक न हो।
युवराज प्रकरण पर सबकी नजर
हाल ही में सेक्टर-150 में बेसमेंट के लिए खोदे गए गड्ढे में डूबकर युवराज की मौत का मामला काफी चर्चा में रहा था। इस घटना के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। हालांकि, अब तक SIT की रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं हुई है। लोगों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री इस दौरे के दौरान युवराज मामले और लंबित जांच रिपोर्ट पर कोई बड़ा बयान दे सकते हैं।
बैठक की संभावना
सूत्रों के मुताबिक, शादी समारोह में शामिल होने के अलावा मुख्यमंत्री पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक भी कर सकते हैं। ऐसे में यह दौरा राजनीतिक और प्रशासनिक लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। फिलहाल शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है और मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। अब सबकी निगाह इस बात पर है कि क्या युवराज प्रकरण की जांच रिपोर्ट पर कोई ठोस घोषणा होती है या नहीं।