
चाकू (Img : Google)
Ghaziabad : एमएमजी अस्पताल में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ब्लड प्रेशर चेक कराने पहुंची एक महिला ने अचानक चाकू निकाल लिया और इमरजेंसी वार्ड में जमकर हंगामा शुरू कर दिया। महिला ने डॉक्टरों, कर्मचारियों और मरीजों को धमकाना शुरू कर दिया। हालात ऐसे हो गए कि ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर अपनी कुर्सियां छोड़कर इधर-उधर भागने लगे। करीब 15 मिनट तक अस्पताल का इमरजेंसी वार्ड दहशत के माहौल में रहा।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे एक महिला इमरजेंसी वार्ड में पहुंची और अपना ब्लड प्रेशर चेक कराने की मांग करने लगी। उस समय इमरजेंसी में मरीजों की भारी भीड़ थी। इसलिए स्टाफ ने उसे कुछ देर इंतजार करने के लिए कहा। इसी दौरान महिला ने कहा कि उसका बीपी केवल महिला डॉक्टर ही चेक करेगी। इस बात को लेकर स्टाफ और महिला के बीच बहस शुरू हो गई।
कहासुनी के बाद महिला का गुस्सा बढ़ गया और उसने अपने पास रखा चाकू निकाल लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला ने इमरजेंसी वार्ड में मौजूद डॉक्टरों और मरीजों को धमकाना शुरू कर दिया। उसने टेबल पर रखी फाइलें भी नीचे फेंक दीं। महिला के आक्रामक व्यवहार को देखकर अस्पताल कर्मियों और मरीजों में दहशत फैल गई। कई मरीज और उनके परिजन वार्ड से बाहर निकल गए।
हंगामे की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। वहीं अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों ने साहस दिखाते हुए महिला को घेर लिया और उसके हाथ से चाकू छीन लिया। इसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने ले गई।
पुलिस जांच के दौरान पता चला कि महिला साहिबाबाद क्षेत्र की रहने वाली है। सूचना मिलने पर उसके परिजन भी थाने पहुंचे। परिजनों ने दावा किया कि महिला मानसिक बीमारी से पीड़ित है और उसका इलाज दिल्ली के एक अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने इलाज से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की है।
फिलहाल पुलिस अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अस्पताल स्टाफ के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Ghaziabad
Published : 11 June 2026, 5:38 AM IST
Topics : crime news ghaziabad news MMG Hospital UP News